रेत खदान विवाद में खुनी संघर्ष : फायरिंग से निर्दोष युवक घायल, नागपुर रेफर

सिवनी के ऊगली थाना क्षेत्र के इमलीटोला में रेत खदान को लेकर ठेकेदारों के बीच विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। कहासुनी के बीच हुई अचानक फायरिंग में एक निर्दोष युवक गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे हालत नाजुक देखते हुए नागपुर रेफर किया गया है।

Rashtrabaan

    सिवनी, राष्ट्रबाण। सिवनी जिले के ऊगली थाना क्षेत्र के अंतर्गत इमलीटोला में सोमवार दोपहर रेत खदान को लेकर चला विवाद अचानक हिंसक हो गया। रेत ठेकेदारों के बीच चल रही कहासुनी इतनी बढ़ गई कि माहौल तनावपूर्ण होते-होते गोलीबारी तक पहुँच गया। इस फायरिंग की चपेट में एक स्थानीय निर्दोष युवक आ गया, जिसे गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गया। इस सनसनीखेज घटना ने पूरे क्षेत्र में हड़कंप मचा दिया है। घायल युवक की पहचान विकास पटले के रूप में हुई है। स्थानीय लोगों के अनुसार, फायरिंग के समय विकास पटले उस स्थान के पास मौजूद था और विवाद से उसका कोई लेना-देना नहीं था। फायरिंग होते ही युवक जमीन पर गिर पड़ा और आसपास के लोगों में भगदड़ मच गई।

    गंभीर हालत, नागपुर रेफर

    घायल को तत्काल सामुदायिक मदद से जिला अस्पताल सिवनी पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने जाँच के बाद बताया कि गोली युवक के शरीर के संवेदनशील हिस्से के करीब लगी है और उसकी स्थिति चिंताजनक है। बेहतर उपचार के लिए उसे रात में ही नागपुर रेफर कर दिया गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे क्षेत्र में आक्रोश व्याप्त है।

    रेत खदान पर कब्जे की लड़ाई बनी विवाद की जड़

    स्थानीय सूत्रों के अनुसार, इमलीटोला में नई रेत खदान शुरू किए जाने को लेकर ठेकेदारों के दो गुटों के बीच पिछले कई दिनों से तनाव बना हुआ था। सोमवार को दोनों पक्षों के समर्थक मौके पर पहुंच गए और शब्दों की झड़प देखते-ही-देखते उग्र रूप ले ली। आरोप है कि इसी दौरान किसी एक पक्ष ने पिस्तौल निकालकर फायरिंग कर दी। कौन-सा पक्ष पहले गोली चलाया, यह अब तक स्पष्ट नहीं हो पाया है।

    पुलिस की ताबड़तोड़ कार्रवाई

    घटना की जानकारी मिलते ही ऊगली थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने क्षेत्र को घेराबंदी कर स्थिति को नियंत्रण में लिया और मौके पर मौजूद संदिग्ध लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस सभी पक्षों के बयान दर्ज कर रही है और हथियार की पहचान में जुटी है। थाना प्रभारी सदानंद गोदेवार ने बताया कि मौके से कुछ संदिग्ध वाहनों और रेत खदान से जुड़े दस्तावेजों को भी जब्त किया गया है। पुलिस यह जांच कर रही है कि विवादित खदान किसके नाम पर थी, किसने अनुमति ली थी और किस पक्ष द्वारा अवैध तरीके से कब्जा जमाने की कोशिश की जा रही थी।

    घटना के बाद क्षेत्र में तनाव, पुलिस तैनात

    फायरिंग की खबर फैलते ही इमलीटोला और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में तनाव का माहौल बन गया। किसी भी अप्रिय स्थिति से बचने के लिए पुलिस बल की अतिरिक्त टीम को तैनात कर दिया गया है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि रेत माफिया पर सख्त कार्रवाई हो और क्षेत्र में चल रही अवैध खनन गतिविधियों पर तुरंत रोक लगाई जाए।

    Read Also : पत्थर-माफिया पर कलेक्टर की ‘सर्जिकल स्ट्राइक’? प्रशासन की जाँच दल पहुंची मौके में

    error: Content is protected !!