जाम में ट्रक की चपेट में मोटर साईकिल सवार एक व्यक्ति की घटनास्थल पर मौत, दूसरे की हालत गंभीर

Rashtrabaan

    बालाघाट, राष्ट्रबाण। बालाघाट जिले के लालबर्रा थाना क्षेत्र अंतर्गत नेवरगांव- लामता मार्ग पर ग्राम जाम के पास बुधवार सुबह 11 बजे दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। प्राप्त जानकारी अनुसार जहां सड़क हादसे में एक व्यक्ति की घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई, तो वहीं दूसरा व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। दोनों व्यक्ति राजमिस्त्री का कार्य करते थे व बुधवार सुबह करीब 11 बजे प्रतिदिन की तरह मकान निर्माण का काम करने ग्राम बहेगांव जा रहे थे, सेवा सहकारी समिति जाम के सामने पहुंचे ही थे कि तभी सामने से आ रहे ट्रक की चपेट में उनकी मोटरसाईकिल आ जाने से यह गंभीर हादसा घटित हो गया।

    जिसमें एक व्यक्ति ग्राम साल्हे (मोहगांव) निवासी सीताराम गुर्जर की घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई। तो वहीं दूसरा व्यक्ति सोहनलाल गौतम ग्राम खारी निवासी गंभीर रूप से घायल हो गया। जिसे घायल हालत में प्रत्यक्षदर्शियों की मदद से बालाघाट जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से परिजनों ने बेहतर उपचार के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया है।

    नाराज ग्रामीणों ने किया विरोध प्रदर्शन, मृतक व घायल के परिवार के लिए सहायता की मांग

    सड़क हादसा में ट्रक चालक के द्वारा लापरवाही पूर्वक ट्रक चलाने के कारण गरीब परिवार से ताल्लुक रखने वाले दो व्यक्ति जो की मिस्त्री का काम करते थे। ट्रक ने एक को असमय ही जिंदगी से सदैव के लिए अलविदा कर दिया, तो दूसरे को जिंदगी और मौत के बीच झूलने के लिए छोड़ दिया। इस सड़क हादसा से घटित घटना से गुस्साए मृतक व घायल के करीबियों व ग्रामीणों ने विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।

    जो दोपहर 12:00 बजे से शाम 4:30 बजे तक चलता रहा। घटना व प्रदर्शन की सूचना मिलते ही लालबर्रा पुलिस के आला अधिकारी- कर्मचारी एवं अनुविभागीय अधिकारी पुलिस वारासिवनी अभिषेक चौधरी घटनास्थल पर पहुंचे और हादसा करने वाले ट्रक को अपनी अभिरक्षा में लिया और परिजनों व ग्रामीणों को प्रदर्शन समाप्त करने की समझाईश दी। इसके बाद ट्रक मालिक के द्वारा मृतक के परिजनों को 25000 रुपये की राशि दिए जाने की बात सामने आई है।

    परिजनों व ग्रामीणों ने मृतक के परिवार को उचित सहायता राशि प्रदान करने की मांग कि है, तो वहीं दूसरा व्यक्ति सोहनलाल गौतम ग्राम खारी निवासी जो की गंभीर रूप से घायल है जिसका इलाज बालाघाट के एक निजी अस्पताल में जारी है। पुलिस ने परिजनों, प्रत्यक्षदर्शियों, ग्रामीणों की उपस्थिति में मृतक के शव का आवश्यक पंचनामा कार्रवाई कर मृतक के शव को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लालबर्रा ले जाया गया। जहां चिकित्सकों द्वारा मृतक के शव का पोस्टमार्टम कर उसका शव उनके परिजनों को सौंप दिया गया।

    रेत गिट्टी से भरे डंपर एवं अन्य सामग्री से भरे माल वाहक ट्रकों के सड़कों पर खतरनाक तरीके से एवं लापरवाही पूर्वक सरपट बेलगाम दौड़ने से निर्दोष लोग असमय ही वाहनों से दुर्घटनाग्रस्त होकर सड़क हादसे में दुनिया से अलविदा हो जाते हैं। इसका जिम्मेदार कौन है ? टूटी-फूटी सड़क ? या फर्राटे भरते हुए सरपट दौड़ते हुए वाहन ? या मृतक या घायल स्वयं ? कौन होगा निर्दोष लोगों की असमय मौत का जिम्मेदार ?

    Read Also : सिवनी की सड़कों पर यमराज को दावत देते मासूम: क्या बड़े हादसे के इंतजार में हैं अभिभावक और कोचिंग संचालक?

    error: Content is protected !!