मंडला, राष्ट्रबाण। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की स्व. माता के विरुद्ध कांग्रेस नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी द्वारा दिए गए कथनों को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं में गहरा आक्रोश देखने को मिला। नैनपुर नगर भाजपा ने सोमवार को गांधी चौक पर राहुल गांधी का पुतला दहन कर विरोध दर्ज कराया।
भाजपा कार्यकर्ताओं का कहना है कि लोकतंत्र में विरोध-प्रदर्शन होना चाहिए, लेकिन उसमें शब्दों की मर्यादा का पालन आवश्यक है। नगर भाजपा मंडल अध्यक्ष राकेश रजक के नेतृत्व में किए गए इस प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी ने राहुल गांधी की टिप्पणी की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि ऐसा व्यवहार किसी जिम्मेदार नेता को शोभा नहीं देता।
पूर्व भाजपा जिला अध्यक्ष एवं मीसा बंदी बालकिशन खंडेलवाल ने कहा कि राजनीति में वाद-विवाद सामान्य बात है, परंतु जब मर्यादा टूटती है तो वह लोकतंत्र के लिए दुर्भाग्यपूर्ण हो जाता है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी के शब्द सड़कछाप भाषा जैसे प्रतीत होते हैं, जिनकी निंदा हर दल और हर नागरिक को करनी चाहिए।
इस मौके पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने राहुल गांधी के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और केंद्र सरकार व प्रधानमंत्री के समर्थन में स्वर बुलंद किए। कार्यक्रम में नगर भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं की भारी मौजूदगी रही।
Read Also : पीएम मोदी करेंगे सेमीकॉन इंडिया सम्मेलन का उद्घाटन, AI और रिसर्च पर होगी चर्चा

