स्पाइसजेट विमान का पहिया टूटा, कांडला से मुंबई उड़ान में 75 यात्रियों के बीच हड़कंप, फिर भी सुरक्षित लैंडिंग

Rahul Maurya

    गुजरात के कांडला एयरपोर्ट से मुंबई के लिए उड़ान भरते ही स्पाइसजेट के एक विमान के साथ डरावना हादसा हो गया। टेकऑफ के तुरंत बाद विमान का एक पहिया टूटकर रनवे पर गिर गया। फ्लाइट में 75 यात्री सवार थे, लेकिन पायलट की सूझबूझ से विमान मुंबई में सुरक्षित उतर गया। एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) ने गिरते पहिए को देखा और तुरंत अलर्ट जारी किया। मुंबई एयरपोर्ट पर इमरजेंसी घोषित कर दी गई।

    टेकऑफ के बाद गिरा पहिया, ATC ने की त्वरित सूचना

    12 सितंबर को दोपहर में कांडला से मुंबई जा रही स्पाइसजेट की फ्लाइट SG-456 (Q400 मॉडल) ने उड़ान भरी। टेकऑफ के कुछ ही पलों बाद ATC ने रनवे पर कुछ गिरते देखा। जांच में पता चला कि विमान का एक बाहरी पहिया टूटकर नीचे गिर गया था। ATC ने तुरंत पायलट को सूचना दी और एयरपोर्ट की जीप भेजकर गिरे हुए पार्ट्स को रिकवर किया। टीम ने वहां मेटल के छल्ले और पहिया पाया। हरी घास पर पड़ा पहिया और मेटल पीस की तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हो गईं।

    पायलट ने हिम्मत नहीं हारी और विमान को मुंबई की ओर मोड़ लिया। मुंबई एयरपोर्ट पर शाम चार बजे के आसपास इमरजेंसी लागू कर दी गई। करीब पांच बजे विमान रनवे पर सुरक्षित लैंड कर गया। सभी यात्री बिना किसी नुकसान के उतर गए। स्पाइसजेट के प्रवक्ता ने कहा, “विमान ने अपनी यात्रा जारी रखी और सामान्य लैंडिंग के बाद टर्मिनल तक पहुंचा। यात्रियों को कोई परेशानी नहीं हुई।”

    एयरपोर्ट अथॉरिटी की प्रतिक्रिया

    एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया (AAI) के एक अधिकारी ने बताया कि ATC ने उड़ान के बाद गिरे पार्ट्स की पुष्टि की। हमने पायलट को अलर्ट किया और इमरजेंसी प्रोटोकॉल फॉलो किया। सब कुछ कंट्रोल में रहा। मुंबई एयरपोर्ट पर रेस्क्यू टीम्स तैनात थीं, लेकिन उनका इस्तेमाल न पड़ना गनीमत रही। DGCA (डायरेक्टोरेट जनरल ऑफ सिविल एविएशन) ने घटना की जांच शुरू कर दी है, ताकि भविष्य में ऐसी दिक्कत न हो।

    हाल के हवाई हादसों की याद

    ये घटना हाल ही की एयर इंडिया की उड़ान की याद दिला गई। सिंगापुर जाने वाली AI-2380 फ्लाइट में केबिन कूलिंग की समस्या आ गई थी। दिल्ली से उड़ान भरने वाली बोइंग 787-9 ड्रीमलाइनर में 200 से ज्यादा यात्रियों को नीचे उतारना पड़ा। छह घंटे की देरी के बाद उड़ान भरी। एयर इंडिया ने इसे तकनीकी खराबी बताया था। स्पाइसजेट का ये हादसा एक बार फिर हवाई यात्रा की सुरक्षा पर सवाल खड़े करता है।

    यात्रियों ने बताया कि टेकऑफ के बाद विमान में हल्का झटका लगा, लेकिन पायलट ने शांत रहकर सबको सूचना दी। एक यात्री ने कहा, हमें लगा कुछ गड़बड़ है, लेकिन पायलट ने कहा कि सब ठीक है। लैंडिंग के बाद हमें पता चला। सभी यात्रियों को वैकल्पिक व्यवस्था की गई। स्पाइसजेट ने माफी मांगी और सुरक्षा पर जोर दिया।

    Read also: इस्तीफे के बाद पहली बार नजर आए जगदीप धनखड़, उपराष्ट्रपति शपथ समारोह में अमित शाह ने किया अभिवादन

    error: Content is protected !!