छतरपुर, राष्ट्रबाण। मध्यप्रदेश में बीते दिनों हुए विधानसभा चुनाव के दौरान छतरपुर में चुनाव के दौरान हुई कांग्रेस कार्यकर्ता की मौत में एक नया मोड़ सामने आया है। दरअसल खजुराहो थाना पुलिस ने इस मामले में 11 कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर मामला दर्ज कर लिया है। छतरपुर पुलिस ने कांग्रेस प्रत्याशी विक्रम सिंह (नाती राजा) समेत 11 अन्य पर धारा 307 के तहत केस दर्ज कर लिया है। छतरपुर SP अमित सांघी ने बताया कि यह कार्रवाई BJP युवा मोर्चा जिला अध्यक्ष की ओर से दाखिल शिकायत पर की गई है। वहीं इस मामले मध्य प्रदेश के भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने बीजेपी कार्यकर्ताओं के साथ छतरपुर कलेक्टर एवं एसपी को आवेदन दिया और मामले में निष्पक्ष जांच की मांग की। वीडी शर्मा ने कहा कि पुलिस ने दबाव में आकर फर्जी केश दर्ज किया है। मामले की जांच के बाद दूध का दूध और पानी का पानी हो जाएगा। हमारी सरकार पीड़ित परिवार के साथ है। परिवार की हर संभव मदद की जाएगी। उल्लेखनीय है कि राजनगर सीट पर भाजपा के पदाधिकारियों के साथ कथित झड़प के दौरान एक वाहन से कुचलकर कांग्रेस कार्यकर्ता सलमान खान की मौत हो गई थी। इस घटना को लेकर कांग्रेस प्रत्याशी विक्रम सिंह (नाती राजा) की ओर से शिकायत दर्ज कराए जाने के बाद पुलिस ने शुक्रवार देर रात को राजनगर सीट से भाजपा प्रत्याशी अरविंद पटेरिया समेत अन्य के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया था। दूसरे दिन इस मामले में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह की एंट्री हुई थी। दिग्विजय ने भाजपा उम्मीदवार के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए खजुराहो पुलिस थाने के बाहर धरना शुरू कर दिया था। हालांकि रविवार को यह धरना समाप्त हो गया। दिग्विजय सिंह खजुराहो थाने के सामने सलमान की लाश को लेकर 22 घंटे तक धरना देते रहे थे। इसके बाद भाजपा ने निर्वाचन आयोग का दरवाजा खटखटाया था। भाजपा की मध्य प्रदेश इकाई के अध्यक्ष वीडी शर्मा ने निर्वाचन आयोग (ईसीआई) को एक शिकायत दी थी। उन्होंने आरोप लगाया था कि पुलिस ने इस मामले में पक्षपातपूर्ण तरीके से काम किया है। उन्होंने आरोप लगाया था कि चुनाव को प्रभावित करने के लिए कांग्रेस उम्मीदवार विक्रम सिंह नाती राजा ने सलमान खान की हत्या कर दी थी। शर्मा के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने चुनाव आयोग को एक ज्ञापन सौंपा था।