भोपाल, राष्ट्रबाण। मध्यप्रदेश विधानसभा के तारांकित प्रश्न क्रमांक-862 “क” के उत्तर में सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा प्रस्तुत कर्मचारी संघों की अद्यतन सूची में संशोधन जारी किया गया है। सहायक रजिस्ट्रार फर्म्स एवं संस्थाएँ नर्मदापुरम संभाग द्वारा जारी नई सूची के अनुसार सरल क्रमांक-09 पर चौधरी मुकेश मौर्य को म.प्र. अजाक्स का वैधानिक एवं कानूनी रूप से मान्य प्रांताध्यक्ष घोषित किया गया है।
अद्यतन सूची 20 नवंबर 2025 की स्थिति में मान्यता प्राप्त कर्मचारी संघों के आधार पर जारी की गई है, जिसे अपर मुख्य सचिव, सामान्य प्रशासन विभाग को भी प्रेषित किया गया है। प्रमाणित प्रति भी संबंधित विभागों को उपलब्ध करा दी गई है।
अजाक्स के मान्य प्रांताध्यक्ष चौ. मुकेश मौर्य ने प्रदेश के समस्त अनुसूचित जाति-जनजाति वर्ग के अधिकारी एवं कर्मचारियों से अपील करते हुए कहा कि वे किसी भी अनाधिकृत पदाधिकारी के बहकावे में न आएँ और अपने कर्तव्य स्थलों पर पूर्ण निष्ठा, भाईचारे और सामाजिक सौहार्द के साथ कार्य करें।
उन्होंने आश्वस्त किया कि यदि किसी कर्मचारी को कार्यस्थल पर कोई समस्या आती है, तो संगठन उसका समाधान कराने के लिए पूर्णत: प्रतिबद्ध है। साथ ही उन्होंने कहा कि सभी मिलकर मुख्यमंत्री एवं प्रशासनिक अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर संगठन की जायज मांगों के लिए कार्य करेंगे। चौ. मौर्य ने भ्रामक जानकारियों के समाप्त होने को “सत्य की जीत” बताते हुए प्रदेशभर के कर्मचारियों को बधाई दी।

