देवरिया, राष्ट्रबाण। जमीनी विवाद में उत्तर प्रदेश के देवरिया में छह लोगों की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतकों में एक पूर्व जिला पंचायत सदस्य भी शामिल है। दोनों पक्षों के बीच खेत के रास्ते को लेकर विवाद हुआ और फिर फायरिंग कर दी गई। पुलिस के मुताबिक, दोनों पक्षों में पुरानी रंजिश थी। घटनाक्रम रुद्रपुर के निकट फतेहपुर गांव का है। मृतकों की पहचान सत्य प्रकाश दुबे, उनकी पत्नी किरण, पुत्री सलोनी एवं नंदिनी और पुत्र गांधी के रूप में हुई है। वहीं दूसरे पक्ष के प्रेमचंद यादव की हत्या हुई है।
क्या है देवरिया जमीन विवाद..
पुलिस ने बताया कि विवाद की जड़ में देवरिया के मेहरा पुरवा क्रॉसिंग के पास एक सड़क है। समस्या तब शुरू हुई, जब स्थानीय निवासी राम आशीष यादव ने लेखपाल से सड़क का सीमांकन करने के लिए कहा। यह सड़क उनकी जमीन तक जाती थी। यादव ने अपनी जमीन पर फसल उगाई थी। जैसे ही जमीन नपती की कार्यवाही शुरू हुई, दूसरे पक्ष के राजा राम चौहान अपने बेटे को लेकर पहुंच गए। इसी दौरान सत्य प्रकाश दुबे आदि ने मिलकर प्रेमचंद यादव की ईंट से कुचलकर हत्या कर दी। हत्या के बाद सत्य प्रकाश दुबे और उनके साथी वहां से चल गए। जैसे ही इसकी भनक प्रेमचंद यादव के परिजन को लगी। वे बंदूके लेकर प्रकाश दुबे के घर पर पहुंचे और धावा बोल दिया। ताबड़तोड़ गोलीबारी में प्रकाश दुबे समेत परिवार के पांच सदस्य मारे गए। इलाके में भारी पुलिस बल तैनात है। तनाव का माहौल है। आला अधिकारी मौके पर पहुंच गए हैं। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।