छिंदवाड़ा, राष्ट्रबाण। शुक्रवार को मध्यप्रदेश की 230 विधानसभा सीटों पर मतदान किया गया। इसी बीच छिंदवाड़ा जिसे कमलनाथ का गढ़ माना जाता है वहां के एक गांव से केवल एक वोटर ने वोट डाला है। छिंदवाड़ा विधानसभा क्षेत्र के शाहपुर गांव में केवल एक मतदाता ने शुक्रवार को मतदान किया क्योंकि बाकी स्थानीय लोगों ने मतदान का बहिष्कार किया था। ऐसा उन्होंने कांग्रेस द्वारा एक अन्य सीट पर स्थानीय नेता को टिकट नहीं देने के विरोध में किया। छिंदवाड़ा से मौजूदा विधायक और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमल नाथ और बीजेपी के विवेक बंटी साहू मुख्य उम्मीदवार हैं। विधानसभा क्षेत्र के शाहपुर गांव में पंजीकृत 1,063 मतदाताओं में से केवल ‘कोटवार’ ने शाम 6 बजे के आसपास वोट डाला जब वोटिंग का समय खत्म होने वाला था। कोटवारों को कल्याणकारी योजनाओं के बारे में जानकारी प्रसारित करने और प्रशासन की सहायता करने के लिए नियुक्त किया जाता है। स्थानीय निवासी दौलत सिंह ने कहा कि ग्राम पंचायत ने गुरुवार को मतदान का बहिष्कार करने का फैसला किया। कांग्रेस ने चौरई विधानसभा सीट से शाहपुर के रहने वाले नीरज बंटी पटेल को टिकट नहीं दिया। पटेल चौरई से निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर चुनाव लड़ रहे हैं। बूथ पीठासीन अधिकारी रमेश गाडगे के अनुसार केवल कोटवार गोपाल ने वोट डाला। उन्होंने कहा कि इसी मतदान केंद्र पर 2018 में 99 प्रतिशत मतदान हुआ था। वहीं मध्य प्रदेश में मतदान के दौरान बीजेपी और कांग्रेस समर्थकों के बीच नोकझोंक हुई। सुरक्षाबलों ने स्थिति को संभाला।