भोपाल, राष्ट्रबाण। मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने कहा कि हर घर तिरंगा अभियान के तहत प्रदेश के हर जिलों एवं तहसील स्तर पर देश भक्ति की भावना पर केन्द्रित तिरंगा यात्रा, मैराथन, बाइक रैली निकाली जाए। हर घर पर तिरंगा, तिरंगे के साथ डीपी, सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर तिरंगा बैनर लगाने की गतिविधियां को जन अभियान बनाया जाए। मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव बुधवार को हर घर तिरंगा अभियान के आयोजन के संबंध में वर्चुअली बैठक में विधायकों एवं जिले के कलेक्टर्स को संबोधित कर रहे थे।
तिरंगामय में हो संपूर्ण प्रदेश
मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आह्वान पर प्रदेश के सभी जिलों में 9 अगस्त से 15 अगस्त 2024 तक हर घर तिरंगा अभियान चलाया जाएगा। अभियान के माध्यम से 12 से 14 अगस्त तक प्रदेश में जिला, तहसील एवं ब्लॉक स्तर पर अपने-अपने क्षेत्र में सम्मान पूर्वक राष्ट्रीय ध्वज के साथ तिरंगा यात्रा निकाली जाए। इस यात्रा का रूट चार्ट तैयार करें, जगह-जगह पुष्प वर्षा की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए तथा शहीद स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों या शहीद स्मारिकाओं के समीप कार्यक्रम आयोजित किए जाए, जिसमें विधायक, सांसद, जनप्रतिनिधि प्रमुख रूप से मौजूद रहे। इसके अलावा घरों, वार्ड, ग्राम एवं शहरों में लगे तिरंगे झंडे को एक निश्चित समय बाद निकलना सुनिश्चित करें। मुख्यमंत्री डॉ.यादव ने नगर पालिका परिषद एवं जिला पंचायत के अधिकारियों को झंडे की उपलब्धता सुनिश्चित किए जाने के निर्देश दिए।
रक्षाबंधन का उपहार मिलेगा लाड़ली बहनों को
मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव ने कहा कि रक्षाबंधन के अवसर पर लाड़ली बहनों के खातों में 10 अगस्त को विजयपुर, जिला श्योपुर में सिंगल क्लिक के माध्यम से राशि अंतरित की जाएगी। यह कार्यक्रम प्रदेश के सभी 55 जिलों में किया जाएगा। लाड़ली बहना योजना के अंतर्गत अगस्त महीने की राशि 1250 रुपए के साथ विशेष सहायता राशि के रूप में सभी लाड़ली बहनों के खाते में 250 रूपए अंतरित किए जाएंगे। प्रदेश में 25 हजार स्थानों पर 10 अगस्त को एक साथ कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। मुख्यमंत्री डॉ.यादव ने कहा कि कार्यक्रमों के दौरान महिला एवं बाल विकास विभाग, शिक्षा, स्वास्थ्य सहित अन्य विभागों के माध्यम से महिलाओं के लिए चल रही शासकीय योजनाओं का प्रचार-प्रसार किया जाए।
अधिकारी करे सतत निगरानी
मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव ने कहा कि बारिश का मौसम चल रहा है। हमारा प्रयास होना चाहिए कि किसी भी प्रकार की लापरवाही ना हो जान माल की सुरक्षा हमारी पहली प्राथमिकता होनी चाहिए। बाढ़ के दौरान पुल और पुलिया पर से आवागमन पूरी तरह रोक दिया जाए। कंट्रोल रूम सभी जगह सतत निगरानी रखें। संबंधित अधिकारी पुल-पुलियाओं का लगातार निरीक्षण करते रहे। इसके अलावा पर्यावरण संरक्षण के उद्देश्य से प्रदेश में चलाए जा रहे एक पेड़ मां के नाम अभियान के अंतर्गत अधिक से अधिक पौधारोपण करें तथा जिन जिलों में लक्ष्य के विरूद्ध पौधों का रोपण नहीं किया गया है, हर घर तिरंगा अभियान, रक्षा बंधन एवं जन्माष्टमी पर्व पर पौधारोपण कर अपने लक्ष्य को पूरा करें।