ग्रेटर नोएडा। थाना बिसरख पुलिस ने ग्रेटर नोएडा में एक फ्लैट में पार्टी के दौरान हुए विवाद के बाद मारपीट, तोड़फोड़, लूट-पाट और धमकी देने के मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से पीड़ित की स्विफ्ट कार सहित कई कीमती सामान बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, यह घटना 7 मई की है जब पीड़ित अपने फ्लैट में पार्टी कर रहा था। पार्टी के दौरान आरोपियों और पीड़ित के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ा कि आरोपियों ने मारपीट शुरू कर दी और फ्लैट में तोड़फोड़ की।
घटना के दौरान आरोपी पीड़ित के कमरे से कई महत्वपूर्ण दस्तावेज और सामान चोरी कर ले गए जिनमें एटीएम कार्ड, शॉपिंग कार्ड, क्रेडिट कार्ड, डेबिट कार्ड, आधार कार्ड, डीएसएलआर कैमरा, जूते, नगदी, सोने की चेन सहित अन्य कीमती वस्तुएं शामिल थीं। इसके अतिरिक्त, आरोपियों ने पीड़ित की स्विफ्ट कार भी कब्जे में ले ली।
पीड़ित ने पुलिस को बताया कि आरोपियों ने उसे जान से मारने की धमकी दी और छेड़छाड़ के झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी देकर 50 हजार रुपये की मांग की। दबाव में आकर पीड़ित ने ऑनलाइन माध्यम से 12,500 रुपये ट्रांसफर किए।
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना बिसरख पुलिस ने आरोपियों की खोजबीन शुरू की और कई स्थानों पर छापेमारी की। आखिरकार शुक्रवार 15 मई को चारों आरोपियों को चार मूर्ति चौराहे के पास से गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपियों के कब्जे से पीड़ित की स्विफ्ट कार समेत अन्य सामान भी बरामद हुआ।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान प्रथम चन्ना (22), सैम चौधरी (21), आशिता (20) और पूजा (21) के रूप में हुई है, जो दिल्ली के विभिन्न इलाकों से संबंध रखते हैं। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चार्जर व कैमरा बैग, साउंड बार, हाथ की घड़ी, जूते की जोड़ी एवं दो क्रेडिट कार्ड भी जब्त किए हैं।
थाना बिसरख में लूट, मारपीट, धमकी और तोड़फोड़ के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच जारी है। पुलिस ने इस घटना को गंभीरता से लिया है और अन्य संबंधित पक्षों की भी जांच कर रही है ताकि पूरे मामले को तथ्यपूर्ण रूप से उजागर किया जा सके।

