देवास , राष्ट्रबाण। पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ के फोन से हैकरों द्वारा 5 लाख की मांग की गई। घटना सामने आते ही पुलिस महकमे के कान खड़े हो गए। जिसके बाद क्राइम ब्रांच की टीम ने 2 युवकों को हिरासत में लिया है। दरअसल बुधवार हैकरों ने मध्य प्रदेश के पूर्व सीएम कमलनाथ को शिकार बनाया है। हैकरों ने कमलनाथ का मोबाइल फोन हैक कर के कई नेताओं से लाखों रुपये मांगे जिसके बाद हड़कंप मच गया। हैकर ने कमलनाथ का मोबाइल हैक करने के बाद कांग्रेस विधायक समेत चार लोगों से लाखों रुपये की मांग की। हैकरों ने देवास के कांग्रेस जिला अध्यक्ष से भी 10 लाख रुपयों की डिमांड की। उन्होंने देवास पुलिस अधीक्षक को पत्र लिख कर शिकायत की है। सूत्रों की मानें तो कांग्रेस नेता गोविंद गोयल की सूझबूझ के चलते आरोपियों पर शिकंजा कसा जा सका। बताया जाता है कि कांग्रेस नेता गोविंद गोयल के पास बुधवार को दोपहर करीब 1:15 बजे मोबाइल पर एक कॉल आई। गोयल का कहना है कि कॉल पीसीसी चीफ कमलनाथ के नंबर से आई थी। इसलिए उन्होंने तुरंत पिक किया। दूसरी तरफ से आरोपियों ने खुद को कमलनाथ का पीएसओ बताते कहा कि कमलनाथ जी कुछ व्यस्त हैं। उनको पांच लाख रुपयों की तुरंत जरूरत है। इसके बाद गोविंद गोयल को थोड़ा डाउट हुआ तो उन्होंने थोड़ी देर बात फोन करने की बात कह कर कॉल कट कर दी। इसके बाद उन्होंने सीधे कमलनाथ को फोन घुमा दिया। उन्होंने कमलनाथ को पूरी घटना की जानकारी दी। इसके बाद कमलनाथ ने कहा कि उनको पैसों की जरूरत नहीं है। थोड़ी ही देर बाद आरोपियों ने दोबारा फोन किया। गोविंद गोयल ने आरोपियों को पकड़वानें की सोची और उनको अपने बंगले पर बुला लिया। इसके बाद करीब साढ़े तीन बजे दो युवक गोविंद गोयल के आवास पर पहुंचे। गोयल ने दोनों को बैठाकर चाय पिलाई। क्राइम ब्रांच को भी मामले की जानकारी दे दी गई। गोविंद गोयल ने चालांकी से दोनों को करीब एक घंटे तक बातों में उलझाकर रखा। इसी बीच क्राइम ब्रांच की टीम पहुंची और दोनों को दबोच लिया। दोनों आरोपियों की उम्र 22 से 25 साल के बीच बताई जा रही है।
- Advertisement -
अन्य नेताओं से भी मांगे रुपए..
- Advertisement -
पुलिस ने जब 2 युवकों को हिरासत में लिया तो पता चला कि इनके द्वारा अन्य नेताओं से भी पैसे मांगे गए थे। जिनमे विधायक सतीश सिकरवार, इंदौर के कांग्रेस जिलाध्यक्ष अशोक सिंह भी शामिल हैं। इन दोनों नेताओं को भी आरोपियों ने फोन किया था। पूछताछ में पता चला है कि आरोपी एक ऐप के जरिए फेक कॉल कर के पैसे मांगते थे।