इस साल श्राद्ध पक्ष अर्थात पितृपक्ष की शुरुआत 7 सितंबर से हो रही है। पूरे पक्ष में पितरों को मनाने के लिए श्रद्धालु नागरिकों द्वारा तर्पण, पिंडदान आदि कर्म किए जाएंगे लेकिन ज्योतिषियों का कहना है कि यदि पितृ पक्ष के अंतिम दिन अर्थात सर्व पितृ अमावस्या को कुछ आसान उपाय कर लिए जाए तो निश्चित ही पितरों का आशीर्वाद प्राप्त होगा।
ज्योतिषियों के अनुसार ऐसा माना जाता है कि यदि परिवार में पितरों को पूजा नहीं गया या फिर उनके निमित्त दान धर्म या पिंडदान आदि नहीं किया जाता है तो पितरों की नाराजगी रहती है और यही नाराजगी पितृ दोष माना जा सकता है। बता दें कि सर्वपितृ अमावस्या 21 सितंबर को है। इसी दिन पितरों को विदाई दी जाती है। आइए जानते है किस तरह के उपाय कर पितरों को प्रसन्न कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया जा सकता है।
– पितरों के निमित्त पिंडदान, तर्पण आदि कर्म करें और फिर ब्राह्मण को भोजन कराकर यथा शक्ति दान दें ।
– पितरों को जो वस्तु पसंद रही हो उनका दान करना अति उत्तम रहता है।
-सर्व पितृ अमावस्या के दिन तामसिक भोजन करना शास्त्रों में निषेध बताया है, इसलिए इस बात का विशेष रूप से ध्यान रखना चाहिए।
किस राशि के जातक किन वस्तुओं का कर सकते है दान
| मेष राशि | गेहूं, मूंगफली और राजमा का दान कर पितरों का आशीर्वाद प्राप्त कर सकते है। |
| वृषभ राशि | इस राशि के जातकों को आटा, मैदा के साथ ही दूध और दही का दान करना चाहिए। |
| मिथुन राशि | मिथुन राशि के लोगों को इस दिन सब्जियों का दान विशेषकर हरी सब्जियों का दान करने का विधान बताया गया है। |
| कर्क राशि | इस राशि के जातकों को वस्त्र दान करना चाहिए। लेकिन वस्त्र सफेद रंग का ही होना चाहिए। इसके अलावा नमक का भी दान किया जा सकता है। |
| सिंह राशि | सिंह राशि के लोगों को सर्वपितृ अमावस्या पर मिठाई का दान करने का विधान है। मिठाई नहीं तो गुड़ का भी दान किया जा सकता है। |
| कन्या राशि | कन्या राशि के जातकों को जरूरतमंद महिलाओं को साड़ी का दान करना चाहिए। |
| तुला राशि | इस राशि के जातकों को नमक का दान करने से पितरों का आशीर्वाद प्राप्त होता है। |
| वृश्चिक राशि | गेहूं, आलू, मसूर दाल और लाल रंग के कपड़े का दान करें। |
| धनु राशि | इस राशि के जातकों को दही का दान करने का विधान ज्योतिषियों ने बताया है। दही के अलावा पीले रंग के वस्त्रों को भी दान किया जा सकता है। |
| मकर राशि | मकर राशि के जातकों को सर्व पितृ अमावस्या पर छाता, चप्पल आदि का दान करना चाहिए। |
| कुंभ राशि | इस राशि के लोगों को कंबल दान करने का विधान है। कंबल का रंग काला होना चाहिए। |
| मीन राशि | मीन राशि के जातकों को पीली खाद्य वस्तुएं जैसे मक्का, बेसन, चने की दाल का दान देने से पितरों का आशीर्वाद प्राप्त होता है। |

