ग्रेटर नोएडा। थाना बिसरख पुलिस ने एक फ्लैट में पार्टी के दौरान हुए विवाद, मारपीट, तोड़फोड़, लूटपाट एवं धमकी के मामले में चार वांछित आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से पीड़ित की स्विफ्ट कार समेत कई कीमती सामान भी बरामद किए हैं, जो इस मामले की गंभीरता को दर्शाता है।
जानकारी के अनुसार यह घटना 7 मई की रात की है जब पीड़ित के फ्लैट में पार्टी चल रही थी। पार्टी के दौरान अचानक कुछ बात को लेकर आरोपियों और पीड़ित के बीच विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ा कि आरोपियों ने मारपीट शुरू कर दी और फ्लैट में जमकर तोड़फोड़ की। पुलिस रिपोर्ट में आरोपियों ने पीड़ित के कमरे से एटीएम कार्ड, शॉपिंग कार्ड, क्रेडिट कार्ड, डेबिट कार्ड, आधार कार्ड, डीएसएलआर कैमरा, जूते, नगदी, सोने की चेन तथा अन्य मूल्यवान सामान भी चोरी कर लिए।
इसके साथ ही आरोपियों ने पीड़ित की स्विफ्ट कार भी अपने कब्जे में ले ली। पीड़ित ने पुलिस को बताया कि आरोपियों ने उसे जान से मारने की धमकी दी और साथ ही छेड़छाड़ के झूठे मुकदमें में फंसाने की धमकी देकर 50 हजार रुपये की मांग की। दबाव में आकर पीड़ित ने ऑनलाइन माध्यम से 12,500 रुपये ट्रांसफर भी किए।
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना बिसरख पुलिस ने जांच शुरू की और आरोपियों की तलाश में विभिन्न स्थानों पर दबिश दी। शुक्रवार 15 मई को पुलिस को बड़ी सफलता मिली और चारों आरोपियों को चार मूर्ति चौराहे के पास से गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान प्रथम चन्ना (22), सैम चौधरी (21), आशिता (20) और पूजा (21) के रूप में हुई है। सभी आरोप दिल्ली के विभिन्न इलाकों से संबंध रखते हैं।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से पीड़ित की स्विफ्ट कार के अलावा कई अन्य कीमती सामान बरामद किए हैं जिनमें चार्जर, कैमरा बैग, साउंड बार, एक हाथ की घड़ी, जूते की जोड़ी और दो क्रेडिट कार्ड शामिल हैं।इस संबंध में थाना बिसरख पुलिस ने गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर मामले की आगे जांच कर रही है।
पुलिस ने कहा है कि आरोपी फिलहाल पूछताछ के लिए हिरासत में हैं और अन्य संभावित तथ्य और बदमाशों के अन्य साथी खोजने के लिए छानबीन जारी है। इस दौरान पुलिस जनता से भी सतर्क रहने और ऐसी घटनाओं की सूचना समय से देने की अपील कर रही है।

