अस्वच्छता पर बड़ी कार्रवाई! लखनादौन के गजराज रेस्टोरेंट का लाइसेंस निलंबित, किचन सील

Rashtrabaan

    सिवनी, राष्ट्रबाण। कलेक्टर शीतला पटले के कड़े निर्देश पर, खाद्य सुरक्षा प्रशासन विभाग सिवनी ने जिले में खाद्य प्रतिष्ठानों के खिलाफ अभियान छेड़ रखा है। इसी क्रम में, मंगलवार 02 दिसंबर 2025 को विभाग की जांच टीम ने लखनादौन स्थित गजराज होटल का औचक निरीक्षण किया।
    निरीक्षण के दौरान, किचन परिसर में घोर अस्वच्छता और कॉकरोच पाए गए। खाद्य सामग्री अत्यंत अस्वच्छ परिस्थितियों में तैयार की जा रही थी। इस गंभीर उल्लंघन को देखते हुए, जांच दल ने तत्काल प्रभाव से प्रतिष्ठान का खाद्य लाइसेंस निलंबित कर दिया और किचन परिसर को सील कर दिया।
    खाद्य सुरक्षा मानक अधिनियम 2006 की धारा 32 के तहत रेस्टोरेंट संचालक को इंप्रूवमेंट नोटिस भी जारी किया गया है। जांच के लिए यहां से इडली, सांभर और आलू की सब्जी का नमूना भी लिया गया।

    जिले में अन्य प्रतिष्ठानों पर भी चला निरीक्षण का डंडा

    विभाग ने लखनादौन और आस-पास के अन्य प्रतिष्ठानों पर भी कार्रवाई की:
    मिडवे ट्रीट, लखनादौन: छोले की बनी सब्जी का नमूना लिया गया।
    होटल गुप्ता जी रेस्टोरेंट: पनीर और नमक का नमूना लिया गया।
    केसरवानी होटल: पनीर और पके हुए चावल का नमूना लिया गया।
    ग्राम बोरिकला स्थित किराना: शक्कर, साबूदाना, और चाय का नमूना लिया गया।
    विनय किराना: मेथी, मैदा, और बेसन का नमूना लिया गया।
    अरी स्थित फ्रेंड्स किराना स्टोर: मिर्च पावडर और चाय का नमूना लिया गया।

    निरीक्षण के दौरान सोनू तिवारी फूड ऑफिसर एवं टीम ने करवाई किया। सभी खाद्य कारोबार कर्ताओं को सख्त निर्देश दिए गए कि वे भविष्य में स्वच्छ वातावरण में ही गुणवत्ता युक्त खाद्य सामग्री का निर्माण और भंडारण सुनिश्चित करें।

    Read Also : रेत खदान विवाद में खुनी संघर्ष : फायरिंग से निर्दोष युवक घायल, नागपुर रेफर

    error: Content is protected !!