सिवनी, राष्ट्रबाण। एक तरफ प्रदेश के सूबेदार डॉ. मोहन यादव महिलाओ बहन बताते नहीं थक रहे है। प्रदेश की महिलाओ के उत्थान के लिए कई योजनाएं चला रहे है लेकिन दूसरी तरफ उनकी सरकार में बैठे अफसरों की अफसरशाही के चलते महिलाये न्याय और छत के लिए दर-दर भटक रही है।
सिवनी विधानसभा के ग्राम जमुनिया की रहने वाली सपना बघेल, जो लगभग 10 वर्षो से शासकीय भूमि में मकान बना कर अपना जीवन यापन कर रही है। महिला अपनी जीविका चलाने के लिए मजदूरी का कार्य करती है। राजस्व विभाग द्वारा अतिक्रमण की कार्यवाही करते हुए महिला पर दो हजार रूपये का अर्थदंड और मकान तोड़ने के आदेश दिए गए है। आदेश की जानकारी जब सपना बघेल को लगी तो उसने उच्चाधिकारियों से मकान तोड़ने की कार्यवाही को रोकने के लिए आवेदन किया। सपना ने अनुविभागीय अधिकारी और जिला कलेक्टर सिवनी के कार्यालय पहुंच कर आवेदन में अपनी व्यथा बताते हुए कार्यवाही पर रोक लगाने की गुहार लगाई लेकिन जिला कलेक्टर कार्यालय में उसे बेरंग लौटाते हुए कहा की यह आवेदन हम नहीं ले सकते इसके लिए तुम्हे अपील करना होगा।

अब सपना अपने मकान को तोड़ने से रोकने के लिए दर-दर भटक रही है। सपना बताती है की पति शराब का आदि है कोई काम नहीं करता। दिन भर शराब पी कर घर में मारपीट करता है। मैंने मेहनत मजदूरी कर पाई-पाई जोड़ कर अपने खून पसीने की कमाई से यह मकान बनाया था अगर यह टूट गया तो मेरे दो बच्चे और मेरे सिर से छत छिन जाएगी, हमारे पास रहने को मकान भी नहीं रहेगा। मेरी माली हालत ख़राब है जिसके चलते मई किराया का मकान लेने में असक्षम हूं, मेरी समस्या को कोई नहीं सुन रहा है।

शासकीय जमीन में और भी मकान कार्यवाही सिर्फ एक मकान पर
ग्राम जमुनिया में सपना के मकान के आलावा और भी मकान है जिन्होंने अतिक्रमण करते हुए पक्के मकान बना रखे है लेकिन राजस्व विभाग द्वारा सिर्फ एक ही मकान तोड़ने की कार्यवाही के आदेश दिए गए है। प्रशासन की इस कार्यवाही में दोहरा रवैया देखने को मिल रहा है। ग्रामीण बताते है की घसीटा सनोडिया के द्वारा सरकारी जमीन में कब्ज़ा कर मकान बनाया गया है जिसकी शिकायत भी हुई लेकिन कार्यवाही ढांक के तीन पात साबित हुई। बताया जाता है की घसीटा सनोडिया के रिश्तेदार भाजपा का मंडल अध्यक्ष है जिसके चलते उस पर अतिक्रमण विरोधी कार्यवाही नहीं हो रही है और पटवारी पुरषोत्तम शिव द्वारा उसे संरक्षण दिया जा रहा है।

विधायक जी संज्ञान लो मजबूर महिला को मकान दो
वैसे तो सिवनी विधायक दिनेश राय मुनमुन को गरीबों का मसीहा कहा जाता है। इस तरह के गरीबो की गुहार उनके संज्ञान में आती है तो वह त्वरित कार्यवाही और निराकरण के लिए प्रशासनिक अधिकारियों को निर्देशित करते है। ग्राम जमुनिया जो सिवनी विधानसभा क्षेत्र का है और वह दिनेश राय की विधानसभा क्षेत्र की वोटर है ऐसे में एक बहन की पीड़ा उनके संज्ञान में लाने का प्रयास राष्ट्रबाण द्वारा किया गया है। विधायक दिनेश राय को राष्ट्रबाण द्वारा दूरभाष में संपर्क कर जानकारी उनके संज्ञान में लाने का प्रयास किया गया लेकिन उनसे संपर्क नहीं हो सका। अब देखना होगा की समाचार प्रकाशन के बाद विधायक दिनेश राय क्या एक्शन लेते है और महिला को कैसे न्याय दिला पाएंगे?

कलेक्टर साहब बाबू राज से टूट रहा जनता का विश्वास
सिवनी कलेक्टर क्षितिज सिंघल बहुत ही संवेदनशील कलेक्टर माने जाते है। उनकी न्याय प्रियता से वह जनता में लोकप्रिय है। माना जाता है की अगर कोई पीड़ित उनके सामने आता है तो वह उसे न्याय दिलाने और कार्यवाही करने का पूरा भरोसा दिलाते है। लेकिन कार्यालय में बाबूराज उनके मजबूत न्याय प्रिय इरादों पर पानी फेर रहा है। कलेक्टर कार्यालय में पीड़ित सपना बघेल के आवेदन लेने से इंकार के बाद यह चर्चा तेज हो गई है की आखिर आवेदन लेने से इंकार क्यों किया गया ? आवेदन लेकर उस पर विचार किया जा सकता था लेकिन आवेदन लेने से इंकार किया जाना कितना न्यायोचित है। कलेक्टर कार्यालय में बाबू बेकाबू हो गए है और अपनी मनमानी कर रहे है जिससे कलेक्टर क्षितिज सिंघल की न्यायप्रिय कार्यप्रणाली से जनता का विश्वास टूट रहा है।