श्योपुर, राष्ट्रबाण। कुनो नेशनल पार्क में लगातार चीतों की हो रही मौत के बाद खुशखबरी सामने आई है। यहां मादा चीता गामिनी ने 5 शावकों को जन्म दिया है। केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव ने एक्स पर इस बात की जानकारी दी है। केंद्रीय मंत्री ने एक्स पर कहा, ‘हाई फाइव, कुनो! साउथ अफ्रीका से आई 5 साल की गामिनी चिता ने आज 5 शावकों को जन्म दिया है। अब इसके बाद भारत में चीता शावकों की संख्या 13 हो गई है।’ केंद्रीय मंत्री ने एक्स पर आगे लिखा, ‘सभी को बधाई, खासकर वन अधिकारियों, पशु चिकित्सकों और फिल्ड स्टाफ को जिन्होंने चीतों के लिए एक तनाव मुक्त वातावरण तैयार किया। इसकी वजह से चीतों का सफलतापूर्वक मिलन हो सका और शावकों का जन्म हुआ। अब कूनो नेशनल पार्क में सभी शावकों को लेकर चीतों की संख्या 26 हो गई है। केंद्रीय भूपेंद्र यादव ने कहा कि देश की धरती पर ये चौथा और दक्षिण अफ्रीका से लाया गया चीता का पहला कुनबा है। केंद्रीय वन मंत्री ने सभी 5 शावकों की तस्वीर के साथ-साथ वीडियो भी एक्स पर शेयर किया है। इस वीडियो में सभी चीते स्वस्थ नजर आ रहे हैं।
CM मोहन यादव ने शावकों के जन्म पर दी प्रतिक्रिया..
राज्य के मुख्यमंत्री डॉक्टर मोहन यादव ने इस पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए एक्स पर लिखा, ‘मध्यप्रदेश में 5 नवजात शावकों का स्वागत है… कूनो नेशनल पार्क से खुशखबरी है कि चीतों के कुनबे में वृद्धि हुई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी ने मध्यप्रदेश को चीतों की सौगात दी और वन्यजीवों के संरक्षण के लिए प्रेरणा प्रदान करते हुए मार्गदर्शन दिया। वन्यजीवों के संरक्षण, विशेषकर चीतों के अस्तित्व के लिए अनुकूल वातावरण बनाने हेतु समर्पित पूरी टीम को बधाई देता हूं।’