तेल अवीव, राष्ट्रबाण। गाजा में चल रहे युद्ध की आंच अभी तक शांत नही हुई है। ताजा मामला सामने आया है। गाजा के सबसे बड़े अस्पताल अल-शिफा में इजरायली सेना घुस गई है। साथ हीं उसके कुछ सैनिक भी अंदर गए हैं और हमास के खिलाफ ऑपरेशन चल रहा है। वहीं इसी अस्पताल में गाजा के हजारों बीमार लोग भर्ती हैं। इस अस्पताल में शरणार्थी भी मौजूद हैं। ऐसे में इस कदम को लेकर भी इजरायली सेना की दुनिया भर में निंदा हो सकती है। वहीं इजरायल इस बात पर अड़ा है कि यहां हमास के लड़ाकों ने ठिकाने बना रखे हैं। उसका कहना है कि इन अस्पतालों से कई सुरंगें बनी हैं। इन्हीं के जरिए हमास के लड़ाके यहां आते-जाते रहते हैं। अल-शिफा समेत कई अस्पतालों को हमास ने ठिकाना बना रखा है और वहीं से इजरायल पर हमले किए जा रहे हैं।
क्या है गाजा के सबसे बड़े अस्पताल के हालात…
- इजरायल की सेना का कहना है कि हमने हमास के ठिकानों पर हमले तेज कर दिए हैं। ऐसा ही एक ठिकाना अल-शिफा अस्पताल भी है। यहां इन आतंकियों ने शरण ले रखी है।
- इजरायली डिफेंस फोर्सेज ने एक बयान में कहा कि उन्होंने गाजा प्रशासन ने पहले ही कह दिया था कि 12 घंटे के अंदर अस्पताल में आतंकी गतिविधियां खत्म हो जाएं। दुर्भाग्य से ऐसा नहीं हुआ। अब हमास के आतंकियों से इजरायल की सेना ने सरेंडर करने को कहा है।
- संयुक्त राष्ट्र का अनुमान है कि अल-शिफा अस्पताल में कम से कम 2,300 मरीज, स्टाफ और विस्थापित लोग मौजूद हैं। ये सभी लोग हमास और इजरायल की सेना की जंग के बीच फंस गए हैं। यही नहीं इलाज के अभाव में अस्पताल में 3 नवजात बच्चों समेत कई लोगों की मौत हो चुकी है।
- अस्पताल में कुल 36 नवजात बच्चों का इलाज चल रहा है। अस्पताल प्रशासन का कहना है कि फिलहाल इन बच्चों को शिफ्ट करने का कोई रास्ता नजर नहीं आ रहा है।
- अल-शिफा अस्पताल में ईंधन समाप्त हो गया है। ऐसे में जनरेटर चलाना मुश्किल है और छोटे बच्चों समेत तमाम मरीजों के लिए जीवन बचाने का संकट है।
- अस्पताल के स्टाफ और बचाव कार्य में जुटी एजेंसियों का कहना है कि हालात चिंताजनक हैं। अस्पताल में एनेस्थीसिया समेत तमाम चीजों की कमी है। खाने और पानी तक की उपलब्धता नहीं है। यही नहीं शव भी अस्पताल परिसर में जहां-तहां पड़े हैं। हालांकि बड़ी संख्या में शवों को अस्पताल में ही दफना भी दिया गया है।
- अस्पताल में शव पड़े हैं। बिजली की सप्लाई ठप है। ऐसे में ऑक्सीजन तक की कमी है। वहीं अमेरिका और इजरायल रुकने को तैयार नहीं हैं। दोनों देशों का कहना है कि हमास ने इस अस्पताल में अपना ठिकाना बना रखा है। यहीं से वह हमलों का कमांड कर रहा है।
- इजरायली सेना ने अल-शिफा अस्पताल को घेर रखा है। इसके लिए हमास ने अमेरिका को जिम्मेदार बताया है। हमास का कहना है कि जो बाइडेन के इशारे पर ही यह अटैक हुआ है। इसके साथ ही उसने इजरायल के खिलाफ ऐक्शन जारी रखने की धमकी दी है।