ग्रेटर नोएडा के थाना ईकोटेक-3 क्षेत्र अंतर्गत जलपुरा गांव में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। मृतका के परिजनों ने दहेज हत्या का आरोप लगाया है जबकि पुलिस की प्रारंभिक जांच में यह मामला दहेज उत्पीड़न से तंग आकर आत्महत्या का होने का अंदेशा जताया जा रहा है।
मृतका की पहचान दीपिका के रूप में हुई है, जो ग्राम कुड़ी खेड़ा, थाना बादलपुर की निवासी थी। दीपिका की शादी लगभग 14 महीने पहले जलपुरा गांव के निवासी ऋतिक पुत्र मनोज के साथ बड़ी धूमधाम से हुई थी। शादी में भारी धनराशि खर्च किए जाने के बावजूद ससुराल पक्ष द्वारा निरंतर अतिरिक्त दहेज की मांगें की जाती रही हैं, जिसके कारण परिवार तनाव में था।
परिजनों का आरोप है कि शादी के बाद से ही दीपिका को मानसिक और शारीरिक निरंतर प्रताड़ित किया गया। उन्हें गहरी चोटों के निशान मिले हैं, जिससे हत्या की आशंका जताई जा रही है। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार के सदस्य मौके पर पहुंचे और ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए।
पुलिस ने मौके से शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतका के पिता की तहरीर पर संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। प्रारंभिक पुलिस जांच में यह पता चला है कि दीपिका दहेज उत्पीड़न से तंग आकर घर की छत से कूदकर आत्महत्या करने की कोशिश की। परंतु अभी पोस्टमार्टम रिपोर्ट एवं अन्य साक्ष्यों के आधार पर ही मौत के असली कारणों का पता चल सकेगा।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई में मृतका के पति ऋतिक और पिता मनोज को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस अधिकारी इस मामले की गहनता से जांच कर रहे हैं और सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर शीघ्र निष्पक्ष जांच पूरी करेंगे। मृतका के परिवार ने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और न्याय की गुहार लगाई है।

