बरसात में उखड़ गई विकास की परत: 15 दिन में ही बस स्टैंड की सड़क टूटी, अब बन गई खतरा

जिला मुख्यालय स्थित सिवनी बस स्टैंड की नव-निर्मित सड़क बरसात के पहले ही पानी में बह गई। महज 15 दिन पूर्व बनी यह सड़क अब खस्ताहाल में है, और जगह-जगह गड्ढों में तब्दील हो चुकी है। यह सड़क नगर पालिका से महज दो मिनट की दूरी पर स्थित है और प्रतिदिन सैकड़ों लोग, अधिकारी और जनप्रतिनिधि इसी रास्ते से गुजरते हैं।

Rashtrabaan
उखड़ गई सड़क : महज 15 दिनों में गड्ढों में तब्दील हुई सड़क।

सिवनी, राष्ट्रबाण। अजब गजब राजनीति है, केंद्र के साथ राज्य में भी भारतीय जनता पार्टी की सरकार है। यहां पर लगातार हो रहे विकास के कार्यों में भ्रष्टाचार अब शिष्टाचार बना गया है। नगर और जिले में विकास रूपी सड़के ठेकेदार, अफसर और नेताओं के लिए कमाई का जरिया बन गई है। नगर में सड़क निर्माण मानो नेताओ की तिजोरी भरने का जरिया, जहां भ्रष्टाचार देखने को साक्षात मिलता है। सिवनी नगर की एक सड़क इन दिनों अपने भ्रष्टाचार के लिए सुर्खियां बनी हुई है। सड़क निर्माण हुए कुछ दिन ही होते हैं की सड़क एक बार फिर गड्ढो में तब्दील हो गई और उसमें हुए भ्रष्टाचार की पोल खुल गई।

सड़क
श्रेय की फोटो खिंचाऊ बीमारी : सड़क निर्माण के दौरान निर्माण स्थल पर निरीक्षण करने पहुंचे नपा कार्यवाहक अध्यक्ष ज्ञानचंद सनोडिया और पूर्व जिलाध्यक्ष आलोक दुबे।

जिला मुख्यालय स्थित बस स्टैंड की सड़क गुणवत्ता विहीन निर्माण का शिकार हो गई है। यह सड़क नगर पालिका से महज 2 मिनट की दूरी पर है। हालांकि, मामूली बारिश के बाद ही यह सड़क पूरी तरह से गायब हो गई है या यूं कहे गड्ढों में तब्दील हो गई तो अतिश्योक्ति नहीं होगी। यह मार्ग विशेष रूप से महत्वपूर्ण है क्योंकि यहां से प्रतिदिन आम जनता के साथ जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी का आना जाना लगा रहता है।

स्थानीय नागरिकों का कहना है कि निर्माण कार्य में मानकों की अनदेखी की गई है। जनप्रतिनिधि एवं ठेकेदार की मिली भगत से इस प्रकार का निर्माण किया जा रहा है। आश्चर्य की यह बात है कि जिले में अंग्रेजों के जमाने के निर्माण आज तक सही सलामत है। वही धर्म के नाम से राजनीति करने वाली पार्टी के शासनकाल के निर्माण कुछ दिन में ही धराशयी हो जा रहे है। यहां समझ परे है कि करोड़ रुपए खर्च करने के बाद निर्माण का यह हाल कैसे होता है। जबकि जनप्रतिनिधि द्वारा इन निर्माण कार्यो का समय-समय में निरिक्षण किया जाता है। सवाल यह उठता है की जनप्रतिनिधि निरिक्षण गुणवत्तापूर्ण कार्य के लिए करते है या फिर कमीशन सेट कर घटिया काम के लिए? जबकि यही जनप्रतिनिधि अपने निजी निर्माण कम से कम रुपए में मजबूती के साथ पूर्ण कर लेते है।

जिले के वरिष्ठ अधिकारी भी इस मार्ग से अपने कार्यालय आते-जाते हैं, लेकिन सड़क की खराब स्थिति पर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है। इस लापरवाही से आम नागरिकों को यातायात में भी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। लेकिन जिम्मेदारों की आँखों में पर्दा पड़ा हुआ है। मजे की बात यह है की भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ी यह सड़क निर्माण के समय नगर पालिका के कार्यवाहक अध्यक्ष फोटो सेशन करा कर इसका श्रेय लेने से नहीं चुके थे।

जनता को निगरानी रखना होगा

सड़क निर्माण में हुए भ्रष्टाचार पर मध्यप्रदेश काँग्रेस मीडिया विभाग प्रदेश महासचिव ऐश्वर्य सुमित मिश्रा ने कहा की जिला मुख्यालय सिवनी शहर की मुख्य सड़क का गुणवत्ता विहीन निर्माण कार्य मध्यप्रदेश सड़क विकास निगम द्वारा करवाया जा रहा है लेकिन नगर पालिका क्षेत्र में जब निर्माण कार्य उसी गुणवत्ता विहीन तरीके से प्रारंभ हुआ तब भाजपा के लोकसभा, विधानसभा जनप्रतिनिधियो सहित नगर पालिका के कार्यवाहक अध्यक्ष ज्ञानचंद सनोडिया के द्वारा उक्त गुणवत्ता विहीन निर्माण कार्य पर मौन स्वीकृति देकर स्वयं के नाम सोहाने पंप के सामने की जर्जर सड़क में थोड़ी सी टायरिंग कुछ दिन पूर्व करवा कर स्वयं को भाजपा पार्षदों व कार्यकर्ताओं से सराहना दिलवाए थे। सिवनी की जनता को शहर में होने वाले निर्माण कार्यों के प्रति सजग होना होगा।

सड़क निर्माण कार्य नगर पालिका का नहीं

नगर पालिका सिवनी सीएमओ विशाल मर्सकोले कहते है कि यह रोड का निर्माण मध्यप्रदेश सड़क विकास निगम द्वारा करवाया गया है। इसमें नगर पालिका का किसी भी प्रकार का कोई हस्तक्षेप नहीं है। तो नगर पलिका के कार्यवाहक अध्यक्ष ज्ञानचंद यही निर्माण कार्य का श्रेय लेकर तस्वीरों में वाहवाही लूट रहे थे।

अब ये सड़क हादसों की वजह न बने…

बरसात का मौसम शुरू हो चुका है और ऐसी सड़कें अब जनता के लिए खतरा बनती जा रही हैं। गड्ढों में भरे पानी से दुर्घटनाओं का खतरा लगातार बढ़ रहा है। अफसरों और जनप्रतिनिधियों को चाहिए कि वे कागज़ी विकास से बाहर निकलकर जमीनी हकीकत पर ध्यान दें।

Read Also : Bhopal: कांग्रेस ने निजी स्कूल में तौला बच्चों का बैग, तय मापदंड से कई गुना ज्यादा निकला वजन

error: Content is protected !!