सिवनी/घंसौर, राष्ट्रबाण। सिवनी जिले के घंसौर थाना क्षेत्र की पुरानी बस्ती में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। 20 वर्षीय सक्षम सेन, जो जबलपुर के श्रीराम कॉलेज में इंजीनियरिंग का छात्र था, ने अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। इस घटना से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।
घटना रविवार देर रात की बताई जा रही है। सक्षम सेन अपने माता-पिता के साथ रहता था। रात के समय वह ऊपर वाले कमरे में गया हुआ था। उसी दौरान उसकी माँ ने चाय बनाई और पिता कैलाश सेन से कहा कि बेटे को नीचे बुला लें। जब पिता ऊपर पहुंचे तो वह स्तब्ध रह गए। सक्षम पंखे की रॉड से फांसी के फंदे पर झूल रहा था। परिजन तुरंत उसे फंदे से नीचे उतारकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही घंसौर थाना प्रभारी लक्ष्मण सिंह झारिया अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने पंचनामा कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी ने जानकारी देते हुए कहा, “युवक सक्षम सेन द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या किए जाने की सूचना पर तुरंत पुलिस मौके पर पहुंची। प्रारंभिक जांच के बाद शव को पोस्टमार्टम हेतु भेजा गया है। आत्महत्या के कारणों की जांच की जा रही है।” फिलहाल आत्महत्या के पीछे का कोई स्पष्ट कारण सामने नहीं आया है। सक्षम एक मेधावी छात्र था और उसके परिवार में भी किसी प्रकार का कोई तनाव नहीं बताया जा रहा है। पुलिस सक्षम के मोबाइल और उसके सोशल मीडिया खातों की भी जांच कर रही है ताकि घटना के पीछे की वजह को स्पष्ट किया जा सके।
मोहल्ले में शोक का माहौल
घटना की खबर फैलते ही मोहल्ले और कॉलेज के साथियों में शोक की लहर दौड़ गई है। आसपास के लोग परिजनों के घर पहुंचकर उन्हें सांत्वना दे रहे हैं। माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है। सक्षम की मौत ने सबको झकझोर दिया है। सक्षम सेन की आत्महत्या ने एक बार फिर यह सोचने पर मजबूर कर दिया है कि युवा मन में चल रही समस्याओं को समय रहते समझना और संवाद बनाए रखना कितना जरूरी है। परिजनों और समाज को मिलकर ऐसे संकेतों पर सतर्क रहना होगा।