सिवनी, राष्ट्रबाण। मध्यप्रदेश के पेंच टाइगर रिजर्व (Pench Tiger Reserve) में दुनिया की सबसे बड़ी बाघ प्रतिमा का निर्माण अंतिम चरण में पहुंच चुका है। यह प्रतिमा हजारों किलो कबाड़ सामग्री से बनाई जा रही है, और इसे स्थानीय कलाकारों की टीम खवासा में गढ़ रही है। पर्यटक और नागरिक इस अद्भुत कलाकृति का प्रथम दर्शन 29 जुलाई को विश्व बाघ दिवस के अवसर पर कर सकेंगे।

मिशन LiFE से प्रेरणा
पेंच टाइगर रिजर्व के उपसंचालक रजनीश सिंह ने जानकारी दी कि इस परियोजना की प्रेरणा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मिशन “LiFE (Lifestyle for Environment)” से मिली है। इस अभियान के तहत ‘Reduce, Reuse, Recycle’ यानी तीन आर (3R) सिद्धांत को ध्यान में रखते हुए पुरानी साइकिल, जंग लगी चादरें, पाइप और अन्य स्क्रैप मटेरियल का उपयोग किया गया है।
अमेरिका के रिकॉर्ड को पछाड़ेगी पेंच की बाघ प्रतिमा
वर्ल्ड रिकॉर्ड एकेडमी के अनुसार वर्तमान में दुनिया की सबसे बड़ी बाघ मूर्ति अमेरिका के जार्जिया राज्य में स्थित है, जिसकी ऊंचाई 8 फीट और लंबाई 14 फीट है। वहीं पेंच में बन रही स्क्रैप बाघ प्रतिमा की अनुमानित ऊंचाई 16 फीट से अधिक और लंबाई 36 फीट से भी ज्यादा होगी—जो इसे दुनिया की सबसे बड़ी बाघ प्रतिमा बना देगी।
मठ मंदिर के कलाकार कर रहे निर्माण
इस विशालकाय कलाकृति को वही कलाकार विक्की और उनकी टीम बना रही हैं, जिन्होंने पहले मठ मंदिर में स्क्रैप से भगवान शिव की प्रतिमा तैयार कर ख्याति अर्जित की थी। प्रतिमा निर्माण का कार्य जनवरी 2025 से प्रारंभ हुआ था और अब यह लगभग पूर्णता की ओर है।
Read Also : गोपालगंज में एक ही दिन में दो बड़ी वारदात: छात्र को शराब डालकर पीटा, ASI की मौजूदगी में चले चाकू!