नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में भारतीय वायुसेना ने एक अद्भुत और बहादुरी भरे मिशन के तहत दो बच्चों की जान बचाई। यह घटना सिद्धार्थ नगर इलाके की है, जहां दो बच्चे एक ऊंची पानी की टंकी पर फंस गए थे। टंकी तक जाने वाली सीढ़ी टूट जाने के कारण बच्चे नीचे उतर नहीं पा रहे थे, और स्थिति रात के अंधेरे में और भी गंभीर हो गई थी।
स्थानीय प्रशासन के प्रयास असफल होने के बाद राज्य सरकार ने भारतीय वायुसेना से मदद मांगी। भारतीय वायुसेना ने सेंट्रल एयर कमांड के एमआई-17 वी5 हेलीकॉप्टर को तुरंत बचाव अभियान के लिए रवाना किया। रात की सीमित रोशनी और खतरनाक परिस्थितियों के बावजूद वायु सेना के जवानों ने साहसिक और कुशल रवैया अपनाया। हेलीकॉप्टर की मदद से बचाव दल सीधे पानी की टंकी पर पहुंचा और विशेष सुरक्षा उपकरणों का उपयोग कर बच्चों को सुरक्षित निकाला।
यह मिशन भारतीय वायुसेना की तेजी से प्रतिक्रिया देने की क्षमता, उनके पेशेवर कौशल और मानव जीवन के प्रति समर्पण को दर्शाता है। विशेषज्ञों के अनुसार, ऐसी मुश्किल परिस्थितियों में बिना विलंब के राहत पहुंचाना भारतीय वायु सेना की पहचान है। बचाव अभियान के बाद स्थानीय प्रशासन और नागरिकों ने वायु सेना के जवानों को उनकी बहादुरी और समर्पित सेवा के लिए धन्यवाद दिया।
भारतीय वायु सेना ने इस अभियान के बारे में कहा, “राज्य सरकार के अनुरोध पर सेंट्रल एयर कमांड के एमआई-17 वी5 हेलीकॉप्टर को तैनात किया गया, जिसने सिद्धार्थ नगर, गोरखपुर में पानी की टंकी पर फंसे दो बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला। टंकी की सीढ़ी टूटने के कारण बच्चे रात के समय फंसे थे। यह बचाव अभियान भारतीय वायु सेना की पेशेवर क्षमता और जीवन रक्षा के प्रति उनकी प्रतिबद्धता का प्रतीक है।”
यह घटना भारतीय सुरक्षा बलों की आत्मनिर्भरता और सेवा भावना का जीवंत उदाहरण है जो हर संकट में मानवता की रक्षा करने के लिए तत्पर रहते हैं।

