भोपाल, राष्ट्रबाण। मंगलवार को कांग्रेस ने अपने वचन पत्रआगामी विधानसभा चुनाव के लिए जारी किया है। इसमें प्रदेशवासियों को 100 यूनिट तक मुफ्त बिजली देने, कर्मचारियों को पुरानी पेंशन और युवाओं को बेरोजगारी भत्ता देने, 25 लाख का स्वास्थ्य बीमा, 10 लाख दुर्घटना बीमा समेत अनेक वादे किए गए हैं। इसमें 1290 वचन हैं। कांग्रेस के वचन पत्र को लेकर सीएम शिवराज सिंह ने प्रतिक्रिया दी है। शिवराज ने कहा कि यह कांग्रेस का महाझूठ पत्र है। पांच साल पहले भी उन्होंने 900 से ज्यादा वचन दिए थे, जिसमें से नौ वचन भी पूरे नहीं किए। आज तक लोग तरस रहे हैं। शिवराज ने कहा कि प्रदेश के नौजवान पूछ रहे हैं कि 4000 बेरोजगारी भत्ता कब मिलेगा। समर्थन मूल्य पर बोनस कब मिलेगा, समूहों का कर्जा कब माफ होगा। उन्होंने एक नहीं अनेक वचन दिए थे, सारे के सारे झूठे निकले। और आज फिर महाझूठ पत्र प्रस्तुत कर दिया।
कांग्रेस की सच्चाई जनता जानती है: शिवराज..
शिवराज ने कहा कि कांग्रेस के इस झूठ पर जनता भरोसा नहीं करने वाली क्योंकि जनता जानती है कि भाजपा जो कहती है वो पूरा करती है और जो नहीं कहती, उसे भी पूरा करती है। लाड़ली बहना योजना दृष्टि पत्र में नहीं थी, लेकिन हमने लागू की। लेकिन कांग्रेस की सच्चाई जनता जानती है, वह भ्रम में नहीं आने वाली।
प्रह्लाद सिंह पटेल ने भी दी प्रतिक्रिया
कांग्रेस के घोषणापत्र पर केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद सिंह पटेल ने भी प्रतिक्रिया दी है। उन्होने कहा कि, ‘कांग्रेस की सूची जारी होने के बाद जो इस्तीफों की झड़ी लगी थी उसे भूलाने के लिए यह वचनपत्र आया है। यह झूठ का पुलिंदा है। यह भ्रम फैलाने की कोशिश है, यह लालच की राजनीति है। परिवारवाद और तुष्टिकरण उनकी सूची में और लालच और भ्रम उनके घोषणापत्र में है।’

