सिवनी, राष्ट्रबाण। कुरई ब्लॉक के किसानों का समर्थन मूल्य पर मूंग खरीदी को लेकर आक्रोश रविवार को सड़क पर फूट पड़ा। किसानों ने नागपुर-जबलपुर नेशनल हाईवे क्रमांक 44 पर श्रीराम मंदिर कलबोड़ी के सामने दोपहर के समय ट्रैक्टर लगाकर चक्काजाम कर दिया। इससे फोरलेन के दोनों ओर यातायात पूरी तरह ठप हो गया। मालवाहक ट्रक, यात्री बसों और छोटे वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
सूचना मिलते ही प्रशासन हरकत में आया। एसडीएम कुरई प्रशांत उइके, तहसीलदार सतीश चौधरी, एसडीओपी ललित गठरे और टीआई कृपाल सिंह टेकाम पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और किसानों को समझाइश देकर शांत किया। करीब 30 मिनट तक चले प्रदर्शन के बाद जाम समाप्त हुआ।
किसानों का आरोप : मूंग की अच्छी क्वालिटी को भी किया जा रहा रिजेक्ट
प्रदर्शन कर रहे किसानों ने आरोप लगाया कि वर्धमान वेयरहाउस कलबोड़ी में स्थित खरीदी केंद्र पर सर्वेयर मनमानी कर रहे हैं। किसान अरविंद सनोडिया, विपुल सनोडिया, शुभम पटेल, बसंत शेंडे, अभिषेक सनोडिया, आदित्य राजपूत और सुरेश साहू सहित अन्य ने बताया कि हमारी साफ-सुथरी और मानक गुणवत्ता वाली मूंग को भी बारीक छन्नी से छनवाकर रिजेक्ट किया जा रहा है।
जबकि केंद्र पर न तो कोई उचित जांच मशीन है और न ही वैज्ञानिक प्रक्रिया अपनाई जा रही है। किसानों ने कहा कि वे पिछले कई दिनों से मूंग लेकर केंद्र के चक्कर काट रहे हैं, लेकिन खरीदी नहीं की जा रही। इससे हताश होकर उन्होंने सड़क पर उतरने का फैसला किया।
प्रशासन ने दिया आश्वासन, जल्द शुरू करेंगे खरीदी
किसानों के आक्रोश को देखते हुए प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला। अधिकारियों ने किसानों को आश्वासन दिया कि आज से ही खरीदी की प्रक्रिया सुचारू की जाएगी और समस्याओं का निराकरण किया जाएगा। इसके बाद सभी प्रशासनिक अधिकारी किसानों के साथ खरीदी केंद्र पहुंचे और वहां की व्यवस्था का निरीक्षण किया। एसडीएम प्रशांत उइके ने बताया कि खरीदी केंद्र पर सर्वेयर द्वारा मूंग को अमानक बताकर खरीदी से इनकार किया गया, जिससे किसान नाराज़ हुए और हाईवे जाम किया गया। प्रशासनिक स्तर पर स्थिति को सुलझा लिया गया है।
Read Also : मानेगांव चौक में तलबारबाजी की खबर से सनसनी; पुलिस ने की कार्यवाही