AIMIM पार्षद सहर शेख ने पाकिस्तानी-बांग्लादेशी जैसे अपमानजनक कमेंट पर दिया करारा जवाब

Rashtrabaan

    मुंबई। AIMIM की युवा नेता और मुंब्रा की पार्षद सहर शेख इन दिनों अपने OBC प्रमाणपत्र को लेकर विवादों में घिरी हैं। इसी बीच उन्होंने उन लोगों को करारा जवाब दिया जो उन्हें पाकिस्तानी, बांग्लादेशी कहकर अपमानित करने की कोशिश कर रहे हैं। सहर शेख ने कहा, “सभी का खून शामिल है यहां की मिट्टी में, किसी के बाप का हिंदुस्तान थोड़ी है।” उन्होंने स्पष्ट किया कि जो लोग पाकिस्तानी, बांग्लादेशी और आतंकवादी जैसे विवादित आरोप लगा रहे हैं, उन्हें अपना प्रमाणपत्र सही तरीके से जांचना चाहिए।

    सहर शेख ने कहा, “ऐसा कहने वाले लोगों को मैं कहना चाहती हूं कि आप अपना खुद का चेक करो, शायद आपको अपने पूर्वजों की याद आ रही है, या फिर आपका बुलावा वहां से आ रहा है। कोई इंसान बोलता नहीं है, इसका मतलब यह नहीं कि वह कमजोर है। कभी-कभी चुप रहना भी समझदारी होती है।”

    OBC प्रमाणपत्र फर्जी होने के आरोपों का सहर शेख ने दिया जवाब

    अपने OBC प्रमाणपत्र को लेकर लगाए गए आरोपों को उन्होंने पूरी तरह से गलत और बेबुनियाद बताया है। मीडिया और प्रशासनिक प्रक्रियाओं पर सवाल उठाते हुए सहर शेख ने कहा कि उनका ऑरिजिनल प्रमाणपत्र तहसीलदार कार्यालय से विधिवत जारी किया गया है। उन्होंने यह भी कहा कि उन्हें मराठी बोलने के लिए मजबूर नहीं किया जा सकता।

    सुनवाई प्रक्रिया पर उठाए सवाल

    सहर शेख ने सुनवाई प्रक्रिया पर भी सवाल खड़े किए। उन्होंने बताया कि पहली सुनवाई के दौरान तहसीलदार खुद मौजूद थे, लेकिन बाद में नायब तहसीलदार को सुनवाई का अधिकार दिया गया, जो उचित नहीं है। उन्होंने तहसीलदार उमेश पाटील के खिलाफ जिलाधिकारी कार्यालय में शिकायत भी दर्ज कराई है।

    झूठी खबरों और फरार बताने पर नाराजगी

    सहर शेख ने मीडिया पर नाराजगी जताई और कहा कि उनके बारे में कई झूठी खबरें चलाई गईं। यहां तक कि उन्हें फरार बताया गया, जो पूरी तरह निराधार है। ठाणे नगर निगम चुनाव में मुंब्रा के वार्ड नंबर 30 से जीत हासिल करने वाली सहर शेख पर हारे हुए उम्मीदवार के पिता ने उनके OBC सर्टिफिकेट पर प्रश्न उठाए और शिकायत दर्ज कराई थी।

    जैसे-जैसे मामले की जांच जारी है, सहर शेख ने अपने ऊपर लगे गलत आरोपों का डटकर मुकाबला करने का संकेत दिया है और अपने समर्थकों को आश्वस्त किया है कि वे सच्चाई के साथ आगे बढ़ेंगी।

    Source

    error: Content is protected !!