बीकानेर जिले के नोखा क्षेत्र में मनीष जांगू हत्या मामले ने पूरे क्षेत्र को दहला दिया है। इस हत्या के पीछे छुपा सच पुलिस ने उजागर कर दिया है। जांच के दौरान पता चला है कि मनीष की हत्या उसकी ही पत्नी निकिता और उसके नाबालिग प्रेमी ने मिलकर की है। यह हत्या किसी बाहरी विवाद की वजह से नहीं, बल्कि अवैध प्रेम संबंधों में बाधा बनने वाले पति को खत्म करने की साजिश थी।
जानकारी के अनुसार, नागौर जिले के अलाय क्षेत्र के निवासी मनीष जांगू की निकिता से कुछ वर्ष पहले शादी हुई थी। शुरूआत में सब कुछ ठीक चल रहा था, लेकिन बाद में उनके रिश्ते में खटास आने लगी। इसी बीच निकिता की नाबालिग युवक से पहचान हुई, जो बाद में प्रेम संबंध में बदल गई। मनीष उनके इस रिश्ते को लेकर रुकावट बन गया था। पति को हटाने के लिए निकिता और उसके प्रेमी ने मिलकर हत्या की योजना बनाई।
पुलिस ने बताया कि 17 अप्रैल को नाबालिग प्रेमी ने मनीष को बहाना देकर जीप में घुमाने के लिए बुलाया। रास्ते में उसने मनीष को गन्ने के रस में मिला हुआ सल्फास पिला दिया जिससे मनीष बेहोश हो गया। इसके बाद आरोपी ने साउंड सिस्टम के तार से उसका गला घोंट कर हत्या कर दी।
पुलिस को गुमराह करने की कोशिश
हत्या के बाद आरोपियों ने शव को रोही बंधा क्षेत्र के एक सुनसान तालाब में झाड़ियों के बीच फेंक दिया। साथ ही मृतक का मोबाइल फोन करीब दो किलोमीटर दूर फेंककर लोकेशन छुपाने और मामले को लूटपाट जैसा दिखाने की कोशिश की।
पुलिस को कैसे मिला सुराग
पूरे मामले में तकनीकी साक्ष्यों ने पुलिस का मार्गदर्शन किया। केड़ली गांव के पास एक स्कूल के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में संदिग्ध बोलेरो गाड़ी दिखाई दी। उस गाड़ी के पीछे की गतिविधियों ने शक बढ़ाया। कॉल डिटेल, चैटिंग और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने जांच को तेजी से आगे बढ़ाया और साजिश का खुलासा किया।
दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया
एएसपी ग्रामीण बी.एल. मीणा के नेतृत्व में गठित चार टीमों ने वैज्ञानिक तरीकों से जांच कर मामले का पर्दाफाश किया। पुलिस ने नाबालिग प्रेमी को गिरफ्तार किया है जबकि पत्नी निकिता को हिरासत में लिया गया है। दोनों से पूछताछ जारी है। पुलिस का कहना है कि अपराध के पीछे का मोटिव अवैध संबंधों में बाधा को दूर करना था और यह पूरी साजिश पूर्व नियोजित थी। स्थानीय प्रशासन मामले में सख्ती से कार्यवाही कर रहा है।
ये भी पढ़ें: राजस्थान बार काउंसिल चुनाव में बवाल, फर्जी वोटिंग के आरोपों के बीच HC ने चुनाव रोका, उम्मीदवारों पर आरोप

