छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले के सिंघीतराई में स्थित वेदांता पावर प्लांट में 14 अप्रैल 2026 को दोपहर करीब 2:30 बजे एक भीषण हादसा हुआ। प्लांट में अचानक बॉयलर फटने से तेज विस्फोट हुआ, जिसमें अब तक 20 मजदूरों की मौत दर्ज की गई है। अधिकारियों के अनुसार, हादसे में 33 लोग गंभीर रूप से घायल हुए थे, जिनमें से इलाज के दौरान 3 और मजदूरों ने दम तोड़ दिया। इस हादसे ने पूरे इलाके में हड़कंप मचा दिया।
जिला कलेक्टर अमृत और एसपी प्रफुल्ल ठाकुर ने बताया कि दुर्घटना के समय कर्मचारी लंच ब्रेक पर थे। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि दुर्घटना का कारण प्लांट के एक गर्म पानी ले जाने वाली पाइपलाइन का फटना था, जिससे तेज़ गर्म पानी और भाप निकली और वह आसपास मौजूद मजदूरों को गंभीर रूप से झुलसा गई। मौके पर काम कर रही उप-कॉन्ट्रैक्टर कंपनी एनजीएसएल (NGSL) के कर्मचारी प्रभावित हुए हैं।
प्रभावित मजदूरों को साइट से बाहर निकाला गया
घटना की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन, पुलिस और राहत टीम मौके पर पहुंची और घायल मजदूरों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया। सभी प्रभावित मजदूरों को साइट से सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है। कलेक्टर अमृत, एसपी प्रफुल्ल ठाकुर सहित कई वरिष्ठ अधिकारी घटना स्थल पर रहकर बचाव कार्य की निगरानी कर रहे हैं।
इस बीच, कांग्रेस विधायक राम कुमार यादव ने प्लांट के बाहर प्रदर्शन कर पीड़ितों को उचित मुआवजा देने और प्रशासन से जवाबदेही तय करने की मांग उठाई है।
दोषियों के खिलाफ होगी कड़ी कार्रवाई- मुख्यमंत्री विष्णु देव साय
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा, “यह एक बहुत ही दुखद घटना है और हम मृतक परिवारों के साथ गहरी संवेदना रखते हैं। जिला प्रशासन पूरे घटनास्थल पर मौजूद है और वे बचाव एवं राहत कार्यों को तेज़ी से संचालित कर रहे हैं। घायलों के बेहतर उपचार के निर्देश भी जारी किए गए हैं। इस घटना की पूरी जांच की जाएगी और जो भी दोषी पाए जाएंगे, उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।”
सक्ती जिले में सिंघीतराई स्थित ‘वेदांता पावर प्लांट’ में बॉयलर फटने से हुई भीषण दुर्घटना की सूचना अत्यंत दुःखद एवं पीड़ादायक है।
इस दुर्घटना में कुछ श्रमिकों के निधन और घायल होने का समाचार अत्यंत व्यथित करने वाला है। मेरी गहरी संवेदनाएँ शोकाकुल परिजनों के साथ हैं। ईश्वर से…
— Vishnu Deo Sai (@vishnudsai) April 14, 2026
डिप्टी सीएम विजय शर्मा ने पीड़ितों के प्रति जताई संवेदना
छत्तीसगढ़ के डिप्टी सीएम विजय शर्मा ने ट्विट कर कहा, “सक्ती जिले सिंघीतराई स्थित वेदांता पावर प्लांट में बॉयलर विस्फोट से कई श्रमिकों की असमय मृत्यु और अन्य के गंभीर रूप से घायल होने की खबर अत्यंत दुखद है। मैं ईश्वर से प्रार्थना करता हूं कि दिवंगत आत्माओं को उनके चरणों में स्थान मिले और वे इस मुश्किल वक्त में शोक संतप्त परिवारों को शक्ति प्रदान करें। घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं और इस दुख की घड़ी में सभी पीड़ित परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं।”
सक्ती के सिंघीतराई स्थित वेदांता पावर प्लांट में
बॉयलर विस्फोट में कई श्रमिकों के असमय निधन तथा अनेक के गंभीर रूप से घायल होने का समाचार अत्यंत पीड़ा देने वाला है।ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान दें तथा शोक संतप्त परिवारों को इस कठिन घड़ी…
— Vijay sharma (@vijaysharmacg) April 14, 2026
संकट की घड़ी में मेरी संवेदनाएं शोकाकुल परिजनों के साथ – राजेश अग्रवाल
छत्तीसगढ़ के मंत्री राजेश अग्रवाल ने कहा, “सक्ती के सिंघीतराई में वेदांता पावर प्लांट में हुए इस दुर्भाग्यपूर्ण हादसे में जिन मजदूरों की मृत्यु हुई और जो घायल हैं, उनका समाचार अत्यंत दुखद है। मेरी प्रार्थना है कि ईश्वर दिवंगत आत्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान दें और घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ प्रदान करें। इस संकट की घड़ी में मेरी संवेदनाएं शोकाकुल परिवारों के साथ हैं।”
वेदांता पावर प्लांट के प्रवक्ता की प्रतिक्रिया
वेदांता पावर प्लांट के प्रवक्ता ने कहा, “14 अप्रैल 2026 की दोपहर, हमारे सिंघीतराई प्लांट की एक बॉयलर यूनिट में एक दुर्भाग्यपूर्ण घटना हुई, जिसमें हमारी उप-कॉन्ट्रैक्टर कंपनी एनजीएसएल (NGSL) के कर्मचारी शामिल थे। हमारी सबसे बड़ी प्राथमिकता प्रभावित सभी लोगों को बेहतर चिकित्सा सहायता और इलाज प्रदान करना है।”
उन्होंने कहा, “हम घायलों को हर संभव मदद प्रदान कर रहे हैं और मेडिकल टीम एवं स्थानीय अधिकारियों के साथ मिलकर काम कर रहे हैं। हम हादसे की विस्तृत जांच कर रहे हैं और संबंधित अधिकारियों के साथ गहन और पारदर्शी जांच प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इस कठिन समय में हम प्रभावित परिवारों के साथ गहरी संवेदनाएं व्यक्त करते हैं और सभी से अनुरोध करते हैं कि जब तक सत्यापित जानकारी न मिल जाए, कृपया अफवाहों से बचें और हमारा समर्थन करें।”

