महाकुंभ मेले के दौरान चर्चा में आई मोनालिसा की शादी को लेकर विवाद के बीच उनके माता-पिता ने सरकार से मदद की गुहार लगाई है और अपनी बेटी को वापस लाने की मांग की है। उन्होंने आरोप लगाया कि उनकी बेटी को बहला फुसलाकर फिल्म बनाने के लिए केरल ले जाया गया। इस मामले में वकील प्रथम दुबे ने भी अपनी बात रखते हुए कहा कि राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग (NCST) से शिकायत की गई है। उन्होंने बताया कि जबरदस्ती मोनालिसा को केरल लेकर जाया गया और नाबालिग होने के बावजूद शादी कर दी गई। वकील ने यह भी दावा किया कि मामले में शामिल अन्य लोगों के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी उनके पास है जिसे बाद में सामने लाया जाएगा।
मोनालिसा की मां ने मीडिया के सामने भावुक होते हुए कहा, “मोनालिसा के पिता हमारे साथ रहते थे। हम बिल्कुल अनपढ़ हैं और हमें कुछ भी पता नहीं था कि मेरी बेटी के साथ ऐसा कुछ होगा। उसके पिता को उठाकर हटा दिया गया और मेरी बेटी को कहीं और ले जाया गया। वह खुद भी नहीं जानती कि क्या हुआ। मैं सरकार से विनती करती हूं कि डेढ़ महीने से ज्यादा हो गए हैं, मेरी बेटी को तुरंत वापस लाया जाए। उसे बहला फुसलाकर फिल्म बनाने के लिए कहीं ले जाया गया।”
मोनालिसा के पिता का बयान
मोनालिसा के पिता ने भी गहरी नाराज़गी जाहिर करते हुए कहा कि उनकी पूरी परिवार को बेवकूफ बनाया गया है। वे खुद अनपढ़ हैं और इस पूरे मामले में न तो उन्हें कोई जानकारी दी गई और न ही उनकी सहमति ली गई। उन्होंने सरकार से अनुरोध किया कि उनकी बेटी को वापस लाया जाए क्योंकि वह बहुत छोटी है और इस तरह की कोई कोई शादी उसके लिए उचित नहीं थी।
वकील प्रथम दुबे का बयान
वकील प्रथम दुबे ने बताया कि केरल के डीजीपी का जो यह कहना था कि उन्हें यह पता नहीं था कि मोनालिसा नाबालिग है, वह सही नहीं है। उन्होंने कहा, “राष्ट्रीय आयोग की जांच रिपोर्ट में स्पष्ट रूप से उल्लेख है कि मोनालिसा की आयु नाबालिग है। मैं महेश्वर नगर निगम द्वारा जारी लड़की का जन्म प्रमाण पत्र दिखाऊंगा, जिसमें उसकी पिछली सभी दस्तावेज रद्द कर दिए गए हैं।” उन्होंने आगे कहा कि इस मामले में कई अधिकारियों को जांच रिपोर्ट सौंप दी गई है।
अगले कदम और जांच
वकील ने कहा, “हमारे पास इस मामले से जुड़े अन्य लोगों के बारे में भी जानकारी है जिसे हम समय आने पर सार्वजनिक करेंगे। हमारे पास स्पष्ट प्रमाण और साक्ष्य हैं जो आयोग को सौंपे जा चुके हैं। हमने साजिश और अपराध के प्रयास के तहत संबंधित लोगों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।”
मोनालिसा भोसले, जिन्हें महाकुंभ मेले की वायरल गर्ल भी कहा जाता है, ने 11 मार्च को केरल के एक मंदिर में फरमान खान के साथ शादी की थी, जिसके बाद विवाद खड़ा हो गया। उनके माता-पिता ने मुख्यमंत्री मोहन यादव से भी इस मामले में तनिक भी सहायता और न्याय की गुहार लगाई है। मामले की आगे की जांच जारी है और समाज के हर वर्ग से इस मामले पर ध्यान देने की उम्मीद की जा रही है।

