भाईंदर। मीरा भाईंदर वसई विरार पुलिस आयुक्तालय की काशीमीरा क्राइम ब्रांच यूनिट ने एक बड़ी कारवाही करते हुए भाईंदर ईस्ट के फाटक रोड पर स्थित ‘अन्ना पैलेस ऑर्केस्ट्रा बार’ पर छापा मारा। इस छापेमारी में पुलिस टीम ने बार के अंदर बने एक संकरे और दमघोंटू तहखाने से 13 महिलाओं को सुरक्षित मुक्त कराते हुए एक छोटे बच्चे को भी बचाया।
पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर यह कार्रवाई की, जिसमें बताया गया था कि नवघर पुलिस स्टेशन क्षेत्र में चल रहे इस बार के माध्यम से अवैध और अश्लील गतिविधियां संचालित हो रही हैं। सूचना मिली थी कि बार के मैनेजर आर्थिक लाभ के लिए लड़कियों को कम कपड़े पहनाकर अश्लील डांस करवाता और ग्राहकों को लुभाने वाले इशारे भी कराता है।
पीआई सुशील कुमार शिंदे के नेतृत्व में सचिन सानप, योगेश काले, ऊमेश भागवत और अविनाश गर्जे की टीम ने अचानक इस बार पर छापा मारा। छापेमारी के दौरान बार में अफरा-तफरी मच गई। जांच में पुलिस को स्टेज पर चार महिला सिंगर्स अश्लील इशारे करते हुए मिले। छत पर बने मेकअप रूम में तीन अन्य लड़कियां मिलीं।
सख्त तलाशी में पुलिस को बाथरूम की टाइलों के पीछे इलेक्ट्रॉनिक तरीके से खुलने वाला एक मोटा लोहे का दरवाजा मिला, जिसके अंदर छह महिलाएं और एक मासूम बच्चा दमघोंटू हालात में बंद थे। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, महिलाओं और बच्चे को यह स्थिति जानलेवा हो सकती थी।
पुलिस ने मामले में बार के मालिक और मैनेजर के खिलाफ भारतीय दंड संहिता, 2023 की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। छापेमारी के दौरान कुल 13 महिलाओं और एक बच्चे को मुक्त कराया गया। इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र के अवैध ऑर्केस्ट्रा बार संचालकों में हड़कंप मचा हुआ है और इनके खिलाफ व्यापक कार्रवाई का संकेत मिल रहा है।
पुलिस ने इस तरह के अवैध और शोषणपूर्ण कार्यों पर पूरी निगरानी बढ़ाने का भी आश्वासन दिया है। इस मामले में पुलिस सतर्कता और त्वरित कार्रवाई की प्रशंसा करते हुए स्थानीय नागरिक भी राहत महसूस कर रहे हैं और कानून व्यवस्था को मज़बूत बनाने की उम्मीद जता रहे हैं।

