सिवनी। जिला मुख्यालय के कोतवाली थाना क्षेत्र में तीन साल पुराने एक मर्डर का बदला लेने के लिए सनसनीखेज हत्याकांड को अंजाम दिया गया है। पुरानी रंजिश की आग में जल रहे विरोधियों ने एक युवक पर चाकू और बेसबॉल के डंडों से ताबड़तोड़ हमला कर उसे मौत के घाट उतार दिया। इस खूनी खेल का शिकार हुआ युवक कोई और नहीं, बल्कि साल 2023 में हुए योगेश अग्रवाल हत्याकांड का मुख्य आरोपी अनुराग डहेरिया था। पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए वारदात में शामिल दो हत्यारों को सलाखों के पीछे भेज दिया है, जबकि दो आरोपी अब भी पुलिस की पकड़ से बाहर हैं।
मिली जानकारी के अनुसार, घटना 13 मई की रात करीब 10:30 बजे की है। अकबर वार्ड निवासी कान्हा उर्फ बिट्टू बैरागी ने कोतवाली थाने में खौफनाक दास्तान बयां करते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट के मुताबिक पुरानी रंजिश को लेकर घात लगाए बैठे आरोपी निखिल कुशवाहा, आर्यन धुर्वे, ऋषि रावत और उनके एक अन्य साथी ने अनुराग डहेरिया को घेर लिया। आरोपियों के सिर पर खून सवार था। उन्होंने अनुराग पर बेसबॉल के डंडों, धारदार चाकू और लात-घूंसों से हमला कर दिया। हमलावरों ने अनुराग के सिर, गर्दन और पेट पर बेरहमी से वार किए। घाव इतने गहरे थे कि अनुराग ने मौके पर ही तड़प-तड़प कर दम तोड़ दिया।
3 साल पहले की हत्या का खूनी इंतकाम
इस सनसनीखेज कत्ल के पीछे की कहानी 18 मार्च 2023 से जुड़ी है। दरअसल, नीलगिरी हनुमान मंदिर बारापत्थर के सामने शास्त्री वार्ड निवासी योगेश अग्रवाल की देशी पिस्टल से गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। उस हत्याकांड का मास्टरमाइंड यही अनुराग डहेरिया था। तभी से दोनों पक्षों के बीच बदले की चिंगारी सुलग रही थी, जो 13 मई की रात शोला बनकर भड़की और अनुराग को अपनी जान देकर इसकी कीमत चुकानी पड़ी।
पुलिस का ताबड़तोड़ एक्शन, दो आरोपी पहुंचे जेल
हत्याकांड के बाद शहर में फैले तनाव को देखते हुए पुलिस अधीक्षक कृष्ण लालचंदानी के मार्गदर्शन और एएसपी दीपक मिश्रा के निर्देशन में कोतवाली पुलिस ने तुरंत एक्शन मोड में काम शुरू किया। एसडीओपी सचिन परते के नेतृत्व में बनी स्पेशल टीम ने संभावित ठिकानों पर ताबड़तोड़ दबिश दी। पुलिस ने कत्ल के दो आरोपियों को दबोच लिया है, जिनमे निखिल कुशवाहा (29) निवासी शास्त्री वार्ड, बारापत्थर और आरियन धुर्वे (19), निवासी शास्त्री वार्ड, बारापत्थर को गिरफ्तार कर लिया गया है।
हथियार जप्त, दो की तलाश जारी
पुलिस ने पकड़े गए आरोपियों की निशानदेही पर कत्ल में इस्तेमाल किया गया धारदार चाकू और बेसबॉल का डंडा बरामद कर लिया है। कोर्ट में पेशी के बाद दोनों को जेल की हवा खाने भेज दिया गया है। वहीं, मामले का तीसरा आरोपी ऋषि रावत और उसका एक अन्य मददगार अब भी फरार हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस जाल बिछा रही है। इस अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझाने और आरोपियों को दबोचने में एसडीओपी सचिन परते, कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक सतीश तिवारी, उपनिरीक्षक डालचंद ग्यारसिया, सउनि जसवंत ठाकुर, प्रमोद मालवी, संतोष बेन और आरक्षक सिद्धार्थ दुबे, सतीश इनवाती सहित पूरी टीम ने जांबाजी दिखाई।
Read Also : भोपाल में ट्विशा शर्मा मौत की रहस्यमय कहानी में नया मोड़: प्रेग्नेंसी और कोर्ट की दावों ने बढ़ाया सवाल

