लखनऊ। यूपी पुलिस ने पिछले नौ वर्षों में अपराधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति के तहत ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए 289 दुर्दांत अपराधियों को मुठभेड़ में मार गिराया है। इस दौरान पुलिस ने कुल 17,043 मुठभेड़ की घटनाओं को अंजाम दिया, जिनमें 34,253 अपराधियों को गिरफ्तार किया गया है। यह आंकड़े प्रदेश में कानून व्यवस्था में आए सुधार और अपराध नियंत्रण को दर्शाते हैं।
मुठभेड़ों की कार्रवाई में 11,834 अपराधी घायल हुए, जबकि पुलिस के 18 अधिकारी शहीद हो गए और 1,852 पुलिसकर्मी घायल हुए। इसके साथ ही प्रदेश की पुलिस ने न सिर्फ अपराधियों के खिलाफ बल्कि संगठित अपराध, माफिया और अवैध वसूली के खिलाफ भी सख्त कदम उठाए हैं।
सबसे अधिक मुठभेड़ मेरठ जोन में दर्ज की गई, जहां कुल 4,813 मुठभेड़ों में 8,921 अपराधियों को गिरफ्तार किया गया। इन मुठभेड़ों में 3,513 अपराधी घायल हुए और 97 कुख्यात अपराधियों को मौके पर ही ढेर कर दिया गया। मेरठ जोन में 477 पुलिसकर्मी घायल हुए और 2 पुलिसकर्मी शहीद हुए।
वाराणसी जोन में 1,292 मुठभेड़ हुईं, जिसमें 2,426 अपराधी गिरफ्तार हुए और 29 को मुठभेड़ के दौरान मार गिराया गया। इस दौरान 907 अपराधी और 104 पुलिसकर्मी घायल हुए। आगरा जोन तीसरे स्थान पर है, जहां 2,494 मुठभेड़ों में 5,845 अपराधियों को पकड़ा गया, 968 अपराधी घायल हुए और 24 को मुठभेड़ में मार गिराया गया। पुलिसकर्मियों में 62 घायल हुए।
अन्य जोनों में भी कार्रवाई की गई, बरेली में 2,222 मुठभेड़ों में 21 अपराधी मारे गए, लखनऊ में 971 मुठभेड़ों में 20, गाजियाबाद में 789 मुठभेड़ों में 18, कानपुर और प्रयागराज में क्रमशः 12 और 11 अपराधी मारे गए। अन्य कमिश्नरी और जोनों में भी कई अपराधियों को जेल और मुठभेड़ कार्रवाई के जरिए नियंत्रित किया गया।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में लागू की गई जीरो टॉलरेंस नीति ने उत्तर प्रदेश को अपराधमुक्त और सुरक्षित बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। इस नीति से आम जनता में सुरक्षा की भावना मजबूती हुई है और प्रदेश की कानून व्यवस्था को राष्ट्रीय स्तर पर सराहा गया है।
यह न केवल आंकड़ों में बल्कि वास्तविकता में भी कानून के शासन को स्थापित करने में सफल रहा है। कठोर, त्वरित और साहसिक कार्रवाई ने अपराधियों को प्रदेश छोड़ने पर मजबूर कर दिया है। उत्तर प्रदेश अब एक भयमुक्त राज्य के रूप में अपनी पहचान मजबूत कर रहा है, जहां पुलिस तंत्र अपराधों के खिलाफ सख्ती से कदम उठा रहा है।

