Khandwa News: कांवड़ यात्रा में उपद्रवियों ने किया पथराव

Rashtrabaan
Highlights
  • खंडवा में वारदात, सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे है: गृहमंत्री मंत्री

खंडवा, राष्ट्रबाण। खंडवा में कांवड़ यात्रा में उपद्रवियों द्वारा पथराव के बाद बवाल हो गया। बताया जा रहा है कि कुछ असामाजिक तत्वों ने पत्थर फेंके। एक बाइक में तोडफ़ोड़ भी की। पुलिस ने उपद्रवियों पर लाठीचार्ज कर खदेड़ा। अभी ये पता नहीं चल पाया है कि पत्थर किसने और कहां से फेंके हैं। बता दें कि सोमवार को जय हिंदू राष्ट्र की कांवड़ यात्रा नगर भ्रमण पर निकली थी। यात्रा को महादेवगढ़ मंदिर जाना था। कांवड़ यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद थे। सभी लोग डीजे की धुन पर नाचते-गाते चल रहे थे। रात 8.30 बजे यात्रा कहारवाड़ी क्षेत्र से गुजरी। यह महादेवगढ़ मंदिर से करीब 500 मीटर दूर है, इसी दौरान यहां कुछ उपद्रवियों ने जमकर पथराव कर दिया। इस वारदात की सूचना मिलने पर गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने भोपाल में कहा, सीसीटीवी फुटेज निकाल लिए गए हैं। दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्यवाही की जाएगी। राज्य सरकार ने त्यौहार के सीजन में पुलिस महकमे को अलर्ट रहने के निर्देश दिए हैं। पूरे प्रदेश में त्यौहार के सीजन में सद्भाव रखने के लिए पुलिस बल अलर्ट रहेगा।
कांवड़ यात्रा पर अचानक बरसने लगे पत्थर
बताया जा रहा है कि चौकी के सामने यात्रा पर अचानक कहीं से पत्थर बरसना शुरू हो गए। जिससे अफरा-तफरी का माहौल हो गया। तो वहीं लोग तितर-बितर होने लगे। करीब पांच मिनट तक असामाजिक तत्वों ने पथराव किया। उपद्रवियों ने एक बाइक में तोडफ़ोड़ कर दी। साथ ही तहसीलदार के वाहन का कांच भी तोड़ दिया।
पुलिस ने तत्काल लिया एक्शन
बता दें कि यात्रा में करीब 500 की संख्या में पुलिस बल मौजूद था। पुलिस और प्रशासन के अफसरों ने तुरंत एक्शन लेकर स्थिति को कंट्रोल में लिया। पुलिस ने हालात पर काबू पाने के लिए उपद्रवियों पर लाठीचार्ज भी किया और उन्हें वहां से खदेड़ा। कलेक्टर अनूप कुमार सिंह ने बताया कि यात्रा समापन की ओर थी। अचानक कुछ लोगों ने पत्थर मारना शुरू कर दिया। वीडियो फुटेज के आधार पर उपद्रवियों की पहचान की जाएगी। इसके बाद कार्यवाही जाएगी। पथराव के दौरान ज्यादातर अफसर पुलिस चौकी के पास बैठे थे। सूचना पर कलेक्टर अनूप कुमार सिंह मौके पर पहुंच गए। धारा 144 लागू करने के सवाल पर कलेक्टर ने कहा कि ऐसी कोई स्थिति नहीं है।

- Advertisement -

Share This Article
Leave a comment
error: Content is protected !!