जयपुर, राष्ट्रबाण। गोगामेड़ी में करणी सेना राष्ट्रीय अध्यक्ष सुखदेव सिंह की हत्या के आरोपी पुलिस गिरफ्त में आ गए हैं। पुलिस द्वारा उन्हें चंडीगढ़ से गिरफ्तार किया गया है। इस मामले में अब तक दो आरोपियों को हिरासत में लिया गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार राजस्थान के जयपुर में बीते दिनों सुखदेव सिंह गोगामेड़ी के घर में घुस गोलियोंं से भूनकर हत्या करने वाले दो शूटर रोहित राठौड़ और नितिन फौजी को शनिवार देर रात चंडीगढ़ से गिरफ्तार कर लिया गया। दोनों हत्यारे चंडीगढ़ सेक्टर 22 ए के एक शराब ठेके के ऊपर बने कमरे में छुपे हुए थे। इनके एक साथी को उधम को भी पकड़ा है। तीनों आरोपियों को दिल्ली क्राइम ब्रांच के ऑफिस लाया गया है, जहां से इन्हें जयपुर ले जाया जाएगा। कई राज्यों में दोनों आरोपी छिपने के बाद चंडीगढ़ पहुंचे थे। गिरफ्तार नितिन फौजी सेना का जवान है। दूसरा शूटर मकराना निवासी रोहित राठौड़ कुछ दिन पहले ही उदयपुर में हथियारों के साथ पकड़ा गया था। वह किसी हिस्ट्रीशीटर की हत्या के लिए वहां पहुंचा था। 15 दिन जेल में रहने के बाद उसे जमानत मिल गई थी। हत्याकांड को अंजाम देने के बाद आरोपी राजस्थान से हरियाणा के हिसार पहुंचे, हिसार से मनाली गए और मनाली से चंडीगढ़ पहुंचे थे, जहां से उनकी गिरफ्तारी हुई।
शूटरों तक कैसे पहुँची पुलिस…
सुखदेव सिंह की हत्या करने के बाद आरोपी सबसे पहले ट्रेन से हिसार गए। हिसार से बस से मनाली के लिए निकल गए। उधम के साथ मनाली से मंडी और फिर चंडीगढ़ आ गए। शूटर्स ने हत्या करने के बाद हथियारों को छुपा दिया था ताकि भागते समय ट्रेन या बस में चेकिंग के समय पकड़े ना जा सकें। हालांकि, आरोपी शूटर्स फरारी के दौरान लगातार मोबाइल का इस्तेमाल कर रहे थे। पुलिस टेक्निकल सर्विलांस के जरिये ही आरोपियों तक पहुंची। शूटर रोहित राठौड़ और नितिन फौजी कल शाम ही चंडीगढ़ आए थे। उधम दोनों को शराब की दुकान के अहाते में लेकर आया था, जहां तीनों शराब पी रहे थे और आगे की प्लानिंग की जा रही थी। इसकी भनक लगते ही पुलिस ने उन दोनों को धर दबोचा।