पटना, राष्ट्रबाण। बिहार विधानसभा के चुनाव में भले अभी समय है, लेकिन एनडीए के भीतर अभी से ही दावे के जरिए दबाव का खेल शुरू हो गया है। पहले तो सीटों का दबाव का खेल शुरू हुआ और अब कौन बनेगा मुख्यमंत्री का खेल परवान पर है। इस खेल में बीजेपी, जेडीयू और लोजपा (आर) के कुछ नामचीन नेता शामिल हो गए हैं। अभी मुख्यमंत्री बनने को लेकर लोजपा रामविलास के सांसद अरुण भारती ने नया शिगूफा छोड़ा है।
क्या चिराग बनेंगे मुख्यमंत्री!
लोजपा सांसद अरुण भारती ने ये कह कर चौंका दिया कि उनके राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान राजनीति में बिहार के लिए और खास कर बिहारियों के लिए आए हैं। ये चर्चा तब और परवान पा गया जब कैबिनेट मंत्री चिराग पासवान ने क्लियर कर दिया है कि उनकी प्राथमिकता बिहार है। मीडिया से बात के क्रम में ये भी कह डाला कि उनका सांसद बनने से ज्यादा महत्वपूर्ण विधायक बनना है। विधायक बनकर वे अपने राज्य में रहकर बिहार के लिए काम कर सकेंगे। जल्द इस पर पार्टी फैसला करेगी।
क्या लड़ेंगे विधानसभा चुनाव
सांसद अरुण भारती ने कहा कि अगर पार्टी तय करती है तो 2025 में नहीं तो 2030 में चिराग पासवान विधानसभा लड़ेंगे। ये सब पार्टी के संसदीय बोर्ड को तय करना है। वैसे पार्टी के भीतर यह बिल्कुल क्लियर है कि आने वाले समय में भले वो 2030 हो या 2035 हमारे राष्ट्रीय अध्यक्ष बिहार का नेतृत्व करें। ये हमारी पार्टी की भी सोच है। हमारा विजन भी ‘बिहार फर्स्ट, बिहारी फर्स्ट’ है। हमारे संस्थापक रामविलास पासवान की भी यही इच्छा थी कि हमारी पार्टी का भी बिहार में प्रतिनिधित्व हो।