सऊदी अरब में उड़ानों पर रोक बढ़ी, उमराह यात्रियों की वापसी में जुटी भारत सरकार

Rashtrabaan News Desk
Highlights
  • रियाद-दम्माम की उड़ानें 7 नवंबर तक बंद, जेद्दा सेवा 31 अक्टूबर तक निलंबित
  • एक सप्ताह में 3,000 फंसे उमराह यात्री लौटे भारत, भारतीय दूतावास ने सहायता तेज की

    नई दिल्ली। सऊदी अरब में नागरिक और ऊर्जा बुनियादी ढांचे पर लगातार हो रहे हमलों के बीच एयर इंडिया और एयर इंडिया एक्सप्रेस ने अपनी उड़ानों के निलंबन की अवधि बढ़ा दी है। भारतीय दूतावास के अनुसार, रियाद और दम्माम आने-जाने वाली उड़ानें 7 नवंबर तक निलंबित रहेंगी, जबकि जेद्दा के लिए दोनों एयरलाइंस की सेवाएं 31 अक्टूबर तक बंद रहेंगी। इस बीच, भारत सरकार सऊदी अरब में फंसे भारतीय उमराह यात्रियों की सुरक्षित और जल्द वापसी के लिए प्रयास कर रही है।
    भारतीय दूतावास ने शनिवार को बताया था, कि हवाई अड्डों सहित नागरिक बुनियादी ढांचे पर हमलों के मद्देनजर उड़ान सेवाओं को फिलहाल स्थगित रखने का फैसला किया गया है। सरकार स्थिति पर नजर बनाए हुए है और यात्रियों की वापसी के लिए संबंधित एयरलाइंस तथा टूर ऑपरेटरों के साथ लगातार संपर्क में है।
    विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने बताया कि पिछले एक सप्ताह के दौरान करीब 3,000 फंसे हुए उमराह यात्री सऊदी अरब से भारत लौट चुके हैं। इसके अलावा 10,000 से अधिक सामान्य उमराह यात्री भी स्वदेश वापस आए हैं। शेष यात्रियों की वापसी सुनिश्चित करने के लिए व्यवस्थाओं पर चर्चा जारी है। उन्होंने कहा कि भारतीय दूतावास और वाणिज्य दूतावास वहां मौजूद भारतीय नागरिकों के संपर्क में हैं। सामुदायिक स्वयंसेवकों की मदद से जरूरतमंद लोगों को सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। रियाद और जेद्दा में भारतीय नागरिकों की सहायता के लिए 24 घंटे कंट्रोल रूम भी संचालित किए जा रहे हैं। इसके साथ ही, जमीनी हालात की जानकारी देने और भारतीय नागरिकों को सतर्क करने के लिए नियमित एडवाइजरी जारी की जा रही है।
    भारत ने सऊदी अरब में नागरिक और ऊर्जा बुनियादी ढांचे पर हुए हमलों की निंदा की है। इनमें किंग फहद अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे और सऊदी अरामको के शायबा तेल क्षेत्र पर हुए हमले शामिल हैं। विदेश मंत्रालय के मुताबिक, दम्माम हवाई अड्डे पर हुए हमले में एक भारतीय नागरिक की मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायल हो गए। वहीं, शायबा तेल क्षेत्र पर हुए हमले में भी एक भारतीय नागरिक घायल हुआ है। भारत ने क्षेत्र में जल्द शांति और सामान्य स्थिति बहाल होने की उम्मीद जताई है। उड़ान सेवाओं के निलंबन से प्रभावित यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे यात्रा से संबंधित नवीनतम जानकारी के लिए एयरलाइंस और भारतीय दूतावास की आधिकारिक सूचनाओं पर नजर रखें।

    error: Content is protected !!