नई दिल्ली, राष्ट्रबाण। महाराष्ट्र, गुजरात और उत्तर प्रदेश समेत देश के कई राज्यों में भीषण बारिश का दौर जारी है। महाराष्ट्र के कई जिलों में शनिवार सुबह से तेज बारिश हो रही है, जिसकी वजह से सड़कें पानी से लबालब हो गई हैं। मौसम विभाग ने मुंबई से लेकर नागपुर तक दो दिन का अलर्ट भी जारी कर दिया है। वहीं, गुजरात में भी भारी बारिश की वजह से जलभराव देखा जा रहा है। वाहनों को आवाजाही में परेशानी हो रही है। सड़कों पर हर तरफ पानी ही पानी दिखाई दे रहा है।
नागपुर में भारी बारिश, स्कूल बंद
नागपुर में आज सुबह तड़के शुरू हुई तेज बारिश से कई इलाकों में पानी भर गया। घरों का सामान पानी में डूब गया है। सबसे ज्यादा परेशानी आने-जाने वालों को उठानी पड़ी। पूर्वानुमान के आधार पर स्कूल-कॉलेज बंद रखने के आदेश दिए गए थे। नागपुर के डीएम ने एडवाइजरी जारी की थी। भारी बारिश के चलते शहर में कई जगहों पर जलभराव की स्थिति बन गई है। रेलवे स्टेशन में भी पानी भरने की वजह से स्टेशन पर यात्रियों को परेशानी हुई। शहर में मानसून पूर्व नालियों की सफाई नहीं होने के कारण हर साल गटर और नालियां चोक हो जाती हैं, जिसके कारण बारिश का पानी सड़कों से बहता है और ये गंदा पानी लोगों के घरों में घुसता है।
पानी-पानी मुंबई
मुंबई के हालात भी कुछ खास नहीं है। बारिश की वजह से मुंबई के अंधरी सबवे में पानी भरने लगा है, ऐहतियात के तौर पर इसे लोगों के लिए बंद कर दिया गया है। मौसम विभाग ने मुंबई के अलग-अलग इलाकों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। भारी बारिश की वजह से नवी मुंबई इलाके में पानी भर गया है। लोग सड़क पर गंदे पानी में घुसकर बाहर आने को मजबूर हैं। इस बीच, हाई टाइड का भी अलर्ट जारी होने से लोग सकते में आ गए। जुहू बीच और मरीन ड्राइव के आसपास लोगों को न जाने की हिदायत दी गई।
कहीं ऑरेंज, तो कहीं येलो अलर्ट
महाराष्ट्र में अगले तीन दिन तक बदरा जमकर बरसने की संभावना है। अंबाजोगाई, अंबरनाथ, अहमदनगर, अकोला, लातूर, मुंबई, अहेरी, पुणे, नासिक सोलापुर में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं बुलढाना , चंद्रपुर, धुले , रत्नागिरी, गोंदिया, हिंगोली, गडचिरोली, जलगांव, कोल्हापुर, नागपुर जालना और नांदेड़ में येलो अलर्ट जारी किया गया है।
गुजरात के पोरबंदर में सड़कों पर भरा पानी
गुजरात के पोरबंदर में गुरुवार से तेज बारिश हो रही है। जिसकी वजह से निचले इलाकों में पानी भर गया है। पोरबंदर में रविवार को भी भारी बारिश का अलर्ट मौसम विभाग ने जारी किया है। हालात इतने खराब हैं कि घुटनों से ऊपर तक पानी भरा हुआ है। अपने जरूरी कामों के लिए लोग हाथों में छाता लेकर गंदे पानी में होकर गुजरने को मजबूर हैं। रिहायशी इलाकों में बाढ़ आ गई है। लोगों के घरों के सामने घुटनों तक पानी भरा हुआ है, ऐसे में रोजमर्रा के कामों के लिए उनके पास कोई और विकल्प नहीं बचा है। घरों के बाहर खड़ी कारें भी करीब आधी पानी में डूब गई हैं। फायर ब्रिगेड की टीमें लोगों को घरों से रेस्क्यू कर रही हैं।
यूपी के कई जिलों में बाढ़
भारी बारिश की वजह से उत्तर प्रदेश के कई इलाके पानी-पानी हो गए हैं। गोरखपुर में राप्ती नही खतरे के निशान को पार कर चुकी है, जिसके बाद 55 से ज्यादा गांव पानी में डूब गए हैं। एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, पीएसी की टीमों को लोगों की मदद के लिए आगे आना पड़ा है।
वाराणसी में 30 घाट डूबे
वाराणसी में भी बारिश और पानी से बुरा हाल है। गंगा नदी उफान पर होने की वजह से 30 घाट डूब गए हैं, जिसके बाद अस्सी घाट पर तो आरती की जगह तक बदल दी गई है।