रायपुर। बलौदाबाजार के कलेक्टर कुलदीप शर्मा ने मंगलवार को एक महत्वपूर्ण बैठक के दौरान जिले में विभिन्न विभागीय कार्यों और योजनाओं की समीक्षा की। साथ ही उन्होंने खरीफ सीजन की तैयारियों पर भी विशेष ध्यान दिया। उन्होंने सभी किसानों तक गुणवत्ता युक्त खाद, बीज और आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि उनकी फसलें बेहतर हों और कृषि क्षेत्र में समृद्धि लाई जा सके।
कलेक्टर ने जानकारी दी कि जिले में अब कुल 168 सहकारी समितियां सक्रिय हैं, जिनमें नई 39 समितियां शामिल की गई हैं। इन सभी समितियों में पीओएस मशीनें लगाई गई हैं, जिनके माध्यम से किसानों को खाद, बीज एवं ऋण वितरण प्रक्रिया पारदर्शी और सुगम बनायी गई है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि खाद-बीज वितरण केंद्रों की कड़ी निगरानी की जाए और किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर तुरंत कार्रवाई हो। इसके लिए उड़नदस्ता दल एवं राजस्व विभाग के अधिकारी नियमित जांच अभियान चलाएंगे।
कलेक्टर ने नैनो यूरिया और कीटनाशक छिड़काव के लिए ड्रोन का उपयोग बढ़ाने का सुझाव दिया है, जिसके लिए महिलाओं के समूहों और चयनित सहकारी समितियों को प्रोत्साहित किया जाएगा। इसके साथ ही बीज उत्पादन में वृद्धि के लिए बीज निगम एवं कृषि विभाग को किसानों का पंजीकरण और आवश्यक मशीनरी सशक्त करने के निर्देश दिए गए हैं, जिससे उनके उत्पादन क्षमता में सुधार हो सके।
शैक्षणिक सत्र 2026-27 के संबंध में कलेक्टर ने 15 जून से शुरू होने वाले स्कूलों में अधूरे निर्माण कार्यों को समय रहते पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक स्कूल में पेयजल, बिजली, शौचालय जैसी बुनियादी व्यवस्था पूरी तरह कार्यशील होनी चाहिए। इसके साथ ही स्कूलों में शिक्षकों की उपस्थिति डिजिटल अटेंडेंस ऐप में दर्ज होनी चाहिए। उन्होंने एसडीएम को भी निर्देश दिए हैं कि वे स्कूलों का औचक निरीक्षण कर पढ़ाई की गुणवत्ता सुनिश्चित करें। शाला प्रवेश उत्सव की भी विधिवत तैयारी की बात कही गई।
आगामी बोर्ड परीक्षा में बेहतर परिणाम लाने के लिए कलेक्टर ने रणनीति बनाने पर जोर दिया। जिन स्कूलों के परिणाम 50 प्रतिशत से कम रहे हैं, वहाँ के प्राचार्य और शिक्षक के साथ समीक्षा बैठक आयोजित करने को कहा गया। इसके अतिरिक्त मॉडल प्रश्न पत्र तैयार कर हर माह स्कूलों में टेस्ट लेने का निर्देश दिया गया ताकि कमजोर छात्रोें के लिए रिमेडियल क्लास की व्यवस्था की जा सके। छात्र-छात्राओं की प्रगति की नियमित रिपोर्टिंग भी सुनिश्चित की जाएगी।
बैठक में लंबित राजस्व प्रकरण, सुशासन तिहार, स्वामित्व योजना, पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना, पीएम आवास योजना, मुख्यमंत्री जनदर्शन और सीपी ग्राम्स सहित अन्य प्रमुख सरकारी योजनाओं की भी समीक्षा की गई। इस मौके पर जिला पंचायत की सीईओ दिव्या अग्रवाल, अपर कलेक्टर अभिषेक गुप्ता, निशा नेताम मड़ावी, एसडीएम एवं अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित थे। कलेक्टर कुलदीप शर्मा ने सभी को मिलकर जिले के समग्र विकास और जनता की बेहतरी के लिए निष्ठा के साथ कार्य करने को कहा।

