सिवनी : शाबाश सिवनी पुलिस, चेतावनी के बाद भी नहीं सुधरे दुकानदार; मनचलों को अड्डा बनने देने वाले दुकान संचालकों पर गिरी गाज!

दोबारा इस इलाके में बेवजह मंडराते दिखे, तो सीधे हवालात जाओगे... कुछ इसी सख्त तेवर के साथ सिवनी के एएसपी दीपक मिश्रा शुक्रवार को सड़कों पर उतरे। ऑपरेशन सुरक्षा चक्र के तहत औचक निरीक्षण करने निकली पुलिस टीम ने जब स्कूल-कॉलेज के रास्तों पर स्थित दुकानों के बाहर मनचलों की भीड़ देखी, तो तत्काल प्रभाव से दुकानदारों पर गाज गिरा दी। पुलिस की इस ताबड़तोड़ कार्रवाई से मनचलों और लापरवाह दुकानदारों में खौफ का माहौल है।

Rashtrabaan
दोबारा बेवजह यहां खड़े नही होना: मनचलों को हिदायत देते एएसपी दीपक मिश्रा।
Highlights
  • स्कूल-कॉलेज के बाहर अब नहीं चलेगी आवारगी, सिवनी पुलिस की ताबड़तोड़ कार्रवाई
  • मौके पर डटे रहे एएसपी, छात्रों से की बातचीत; कोई भी समस्या हो डायल 112 लगये

सिवनी, राष्ट्रबाण। सिवनी जिले में स्कूल और कॉलेज जाने वाली छात्राओं एवं विद्यार्थियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सिवनी पुलिस ने अब आर-पार की लड़ाई छेड़ दी है। पुलिस अधीक्षक कृष्ण लालचंदानी के सख्त निर्देशों पर चलाए जा रहे विशेष अभियान ऑपरेशन सुरक्षा चक्र के तहत सिवनी पुलिस ने लापरवाही बरतने वाले पांच दुकानदारों के खिलाफ कार्रवाई की है। पुलिस की स्पष्ट चेतावनी को दरकिनार कर अपनी दुकानों पर मनचलों और बेवजह घूमने वाले युवकों को जमावड़ा लगाने की छूट देना इन दुकानदारों को भारी पड़ गया।

आवारा तत्वों पर कार्रवाई करती पुलिस, गाड़ियों के चालान भी किये।

क्या था पुलिस प्रशासन का सख्त फरमान?

गौरतलब है कि शहर के प्रमुख शैक्षणिक संस्थानों, स्कूलों और कॉलेजों के रास्तों तथा उनके आसपास स्थित चाय, पान और नाश्ते की दुकानों पर असामाजिक तत्वों व मनचलों के खड़े होने की शिकायतें लगातार मिल रही थीं। इस गंभीर समस्या पर अंकुश लगाने के लिए सिवनी पुलिस अधीक्षक ने जिले भर में ऑपरेशन सुरक्षा चक्र के तहत सख्त कार्रवाई के निर्देश जारी किए थे।

इस अभियान को अमलीजामा पहनाने के लिए स्वयं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दीपक मिश्रा ने मैदान में उतरकर मोर्चा संभाला था। एएसपी ने शहर के संवेदनशील इलाकों और स्कूल-कॉलेज मार्गों का भ्रमण कर सभी चाय-पान व अन्य दुकानदारों को दो टूक चेतावनी दी थी। पुलिस प्रशासन द्वारा स्पष्ट समय-सीमा तय करते हुए निर्देश दिए गए थे कि सुबह स्कूल-कॉलेज लगने के समय (10:00 से 11:00 बजे तक) और शाम को छुट्टी के समय (4:00 से 5:00 बजे तक) दुकानों के बाहर या अंदर किसी भी युवक को अनावश्यक रूप से खड़ा न रहने दिया जाए। पुलिस ने साफ कर दिया था कि यदि कोई दुकानदार इन नियमों की अनदेखी करता है या मनचलों को पनाह देता है, तो उसके खिलाफ चालानी कार्रवाई के साथ-साथ कठोर दंडात्मक कदम उठाए जाएंगे।

चेतावनी के बावजूद मनमानी, पुलिस ने लिया एक्शन

पुलिस प्रशासन की इस सख्त समझाइश और चेतावनी के बाद भी कुछ दुकानदार अपनी आदतों से बाज नहीं आए। पुलिस की विशेष टीमों द्वारा जब स्कूल और कॉलेज के लगने व छूटने के समय औचक निरीक्षण किया गया, तो पांच दुकानों पर नजारा चौंकाने वाला था। इन दुकानदारों ने पुलिस के आदेशों को ताक पर रखते हुए अपनी दुकानों के सामने बेवजह युवकों और मनचलों की भीड़ इकट्ठा कर रखी थी।

मौके पर मौजूद पुलिस ने तत्काल प्रभाव से एक्शन लेते हुए इन पांचों दुकानदारों के विरुद्ध चालानी कार्रवाई की और उन्हें कड़ी फटकार लगाई। पुलिस की इस अचानक हुई कार्रवाई से इलाके के अन्य दुकानदारों और वहां मंडराने वाले मनचलों में हड़कंप मच गया। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने दुकानों के आसपास बिना किसी काम के खड़े युवकों सख्त हिदायत दी कि भविष्य में दोबारा इस क्षेत्र में नजर आने पर सीधे हवालात की हवा खानी पड़ेगी।

छात्राओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता, मैदान में डटे एएसपी

पुलिस को मिल रही गोपनीय शिकायत के बाद सिवनी अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दीपक मिश्रा ने चाय पान की दुकानों का निरीक्षण किया। छात्रों से बातचीत की और छात्रों को किसी भी समस्या आने पर तत्काल डायल 112 पर फोन लगाने की सलाह दी गई। एएसपी दीपक मिश्रा का कहना है कि ऑपरेशन सुरक्षा चक्र का मुख्य उद्देश्य शहर में एक ऐसा सुरक्षित माहौल तैयार करना है, जहां छात्राएं और छात्र बिना किसी भय या झिझक के अपने शिक्षण संस्थानों तक आ-जा सकें। अक्सर देखने में आता है कि चाय-पान की गुमटियों पर खड़े रहने वाले आवारा तत्व आने-जाने वाली छात्राओं पर फब्तियां कसते हैं या छींटाकशी करते हैं, जिससे अप्रिय स्थिति निर्मित होती है। ऐसे तत्वों को मिलने वाले अड्डों को खत्म करना इस अभियान की पहली कड़ी है।

आगे भी जारी रहेगा अभियान

सिवनी पुलिस ने स्पष्ट संदेश दिया है कि यह कार्रवाई महज एक शुरुआत है। आने वाले दिनों में ऑपरेशन सुरक्षा चक्र के तहत निगरानी और अधिक तेज की जाएगी। सादी वर्दी में भी पुलिस के जवान स्कूल-कॉलेज के रास्तों पर तैनात रहेंगे। यदि अब भी कोई दुकानदार नियमों का उल्लंघन करते पाया गया, तो न केवल भारी जुर्माना वसूला जाएगा, बल्कि दुकानदार के खिलाफ प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत कारर्वाई कर जेल भेजने जैसी कठोर कार्रवाई भी की जाएगी। पुलिस की इस मुहिम की शहर के बुद्धिजीवियों, अभिभावकों और आम नागरिकों ने जमकर सराहना की है।

Read Also : सिवनी : सफेद पाउडर के नेटवर्क पर पुलिस की कार्रवाई, जैद-नियाज की हिरासत पर सस्पेंस बरकरार!

error: Content is protected !!