नई दिल्ली। राजस्थान के सीकर में नीट परीक्षा के पेपर लीक होने के बाद छात्र प्रदीप मेघवाल द्वारा आत्महत्या की खबर ने पूरे देश को हिला कर रख दिया है। इस दर्दनाक घटना के बाद लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने पीड़ित परिवार से फोन पर बात की और उन्हें न्याय दिलाने का आश्वासन दिया है। राहुल गांधी ने इस मुश्किल घड़ी में परिवार के साथ खड़े रहने का भरोसा जताया।
कांग्रेस पार्टी ने सोशल मीडिया पर राहुल गांधी और पीड़ित परिवार के बीच हुई बातचीत का वीडियो साझा किया। पार्टी ने अपनी पोस्ट में लिखा, “नीट का पेपर लीक होने के बाद सीकर के छात्र प्रदीप मेघवाल ने अपनी जान दे दी। नेता विपक्ष राहुल गांधी ने परिवार से बात कर हर संभव मदद का भरोसा दिया है।”
प्रदीप मेघवाल परिवार के मुताबिक, उन्होंने पढ़ाई के लिए भारी कर्ज लिया था और परीक्षा में सफलता की उम्मीद थी। लेकिन पेपर लीक के कारण उनकी उम्मीदें अधूरी रह गईं और वह मानसिक दबाव में आकर अपनी जान दे बैठे। परिवार की मांग है कि पेपर लीक करने वालों को कड़ी सजा दी जाए और उन्हें न्याय मिले। कांग्रेस पार्टी ने इस मामले में शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से तत्काल इस्तीफा मांगा है।
राहुल गांधी ने एनएसयूए अध्यक्ष विनोद जाखड़ के माध्यम से परिवार से बातचीत की। विनोद जाखड़ भी पीड़ित परिवार से मिलने उनके घर पहुंचे थे। एनएसयूआई अध्यक्ष ने कहा कि राहुल गांधी इस मुद्दे पर दिनों से छात्रों के साथ खड़े हैं और एनएसयूआई पूरे देश में पेपर लीक के खिलाफ सख्त संघर्ष करेगी।
इस घटना ने शिक्षा प्रणाली और परीक्षा प्रक्रिया में मौजूदा कमियों को उजागर किया है। सरकार और संबंधित विभागों से उम्मीद की जा रही है कि वे पेपर लीक जैसी घटनाओं को रोकने के लिए कड़े उपाय करेंगे ताकि छात्रों के सपनों को कुचलने वाली इस क्रूर घटना को रोका जा सके। न्याय दिलाने और उपयुक्त कार्रवाई करने की मांग तेज हो रही है, ताकि भविष्य में ऐसे किसी भी क़िस्म की दुर्भाग्यपूर्ण घटना न हो।

