महाराष्ट्र: नासिक क्राइम ब्रांच की बड़ी कार्रवाई, 30 किलो गांजा जब्त, 5 गिरफ्तार

Rashtrabaan

    नासिक। नासिक पुलिस की एंटी-नारकोटिक्स स्क्वाड और क्राइम ब्रांच ने मिलकर एक बड़ी कार्रवाई की है, जिसमें 30 किलो गांजा जब्त किया गया और पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त के निर्देशानुसार और स्थानीय नागरिकों के व्हाट्सएप से मिली सूचना के आधार पर की गई।

    सूचना में यह बात मिली कि एक व्यक्ति होंडा सिटी कार से मुंबई-आगरा राष्ट्रीय महामार्ग के रास्ते गांजा लेकर जा रहा है। पुलिस ने एंटी-नारकोटिक्स स्क्वाड की अधिकारी सुशीला कोल्हे के नेतृत्व में जाल बिछाकर वाहन को रोका। हालांकि चालक ने भागने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस ने उसे पकड़ लिया।

    तलाशी लेने पर डिक्की में तीन बंडलों में पैक किए गए कुल 30 किलो गांजा बरामद हुआ। गांजे की कीमत 6 लाख 1 हजार 760 रुपए बताई गई है जबकि वाहन की कीमत लगभग 6 लाख रुपए आंकी गई है। पुलिस ने अरबान शकील खान मनियार नामक आरोपी को हिरासत में लिया।

    जांच के दौरान क्राइम ब्रांच की दो टीमों ने मुंबई के गोवंडी व चेंबूर क्षेत्र से तौसीफ रहमत खान और अमन शौकत शेख को गिरफ्तार किया। इसके अलावा शिरपुर, धुले से विजय वाला पवारा को भी हिरासत में लिया गया।

    आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट 1985 की धारा 8(बी), 20(सी) और 29 के तहत मामला दर्ज किया गया है। सभी आरोपियों को अदालत में पेश कर पुलिस हिरासत में भेजा गया है। मामले की आगे की जांच एंटी-नारकोटिक्स स्क्वाड द्वारा की जा रही है।

    यह कार्रवाई पुलिस उपायुक्त (अपराध) और सहायक पुलिस आयुक्त संदीप मिटके के मार्गदर्शन में क्राइम ब्रांच व एंटी-नारकोटिक्स टीम की संयुक्त कोशिशों से सफल हुई। इस सफलता से नासिक में मादक पदार्थों की तस्करी को रोकने में मदद मिलेगी और नागरिकों की सुरक्षा बेहतर होगी।

    Source

    error: Content is protected !!