मुंबई, राष्ट्रबाण। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह के भारत आगमन के अवसर पर भारत एवं नेपाल के नेतृत्व द्वारा दोनों देशों के ऐतिहासिक, सांस्कृतिक एवं शैक्षिक संबंधों को और अधिक सुदृढ़ करने की दिशा में की गई पहलों का अभिनंदन करती है। भारत सरकार द्वारा शिक्षा, कृषि, चिकित्सा एवं कौशल विकास के क्षेत्र में नेपाल के साथ सहयोग विस्तार के लिए की गई पहल तथा नेपाल के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों के पुनर्निर्माण एवं पुनर्वास के लिए भारत द्वारा प्रदान किया गया उल्लेखनीय सहयोग दोनों देशों की पारस्परिक मैत्री एवं प्रतिबद्धता का परिचायक है। भारत की जनता को श्री मुक्तिनाथ, श्री पशुपतिनाथ, माँ जानकी की पावन भूमि जनकपुर, जीवित कुमारी की परंपरा एवं भगवान गौतम बुद्ध की जन्मस्थली लुंबिनी के दर्शन हेतु आमंत्रित करने का नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह का हार्दिक आमंत्रण, दोनों देशों की साझा सांस्कृतिक विरासत और आत्मीय संबंधों को नई मजबूती प्रदान करने वाला है।
भारत और नेपाल के मध्य शैक्षिक सहयोग को नई गति देने के लिए नेपाल में भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (IIT) का परिसर स्थापित करने, कानून, प्रौद्योगिकी एवं कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) जैसे विषयों में छात्रवृत्ति एवं प्रशिक्षण के अवसरों का विस्तार करने तथा शिक्षकों एवं विशेषज्ञों के आदान-प्रदान की पहल की गई है। साथ ही, व्यावसायिक प्रशिक्षण केंद्र की स्थापना, लुंबिनी बौद्ध विश्वविद्यालय में नालंदा केंद्र की स्थापना, कृषि अनुसंधान के लिए भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (ICAR) का उत्कृष्टता केंद्र स्थापित करने तथा चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में दोनों देशों के प्रमुख संस्थानों के बीच शैक्षणिक आदान-प्रदान को बढ़ावा देने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर सहमति बनी है। दोनों देशों के बीच संपर्क एवं सांस्कृतिक मैत्री को बढ़ावा देने वाली वंदे भारत ट्रेन जैसी पहल भी इस सहयोग को नई दिशा प्रदान करती है।
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के राष्ट्रीय महामंत्री डॉ. वीरेंद्र सिंह सोलंकी ने कहा, “भारत और नेपाल के संबंध सदियों पुराने सांस्कृतिक, आध्यात्मिक एवं सामाजिक संबंधों पर आधारित हैं। दोनों देशों के युवाओं के बीच शिक्षा, शोध, नवाचार एवं कौशल विकास के क्षेत्र में सहयोग की असीम संभावनाएं हैं। नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह द्वारा भारत के नागरिकों को नेपाल के हिमालय की गोद में बसे भगवान मुक्तिनाथ, श्री पशुपतिनाथ, तराई के मैदानों में स्थित माता जानकी की पावन भूमि जनकपुर, जीवित देवी कुमारी की परंपरा तथा शांति के अग्रदूत भगवान गौतम बुद्ध की जन्मस्थली लुंबिनी के दर्शन हेतु दिया गया आमंत्रण दोनों देशों के ऐतिहासिक, सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक संबंधों को और अधिक प्रगाढ़ करने वाला है। नेपाल में IIT परिसर की स्थापना तथा उच्च शिक्षा एवं व्यावसायिक प्रशिक्षण के क्षेत्र में सहयोग का विस्तार दोनों देशों के युवाओं के लिए नए अवसर सृजित करने वाला महत्वपूर्ण कदम है। भारत सरकार द्वारा इस दिशा में की गई पहल तथा दोनों देशों के नेतृत्व द्वारा युवा केंद्रित सहयोग को प्राथमिकता देना सराहनीय है। अभाविप इन पहलों का अभिनंदन करती है और विश्वास करती है कि भारत एवं नेपाल के बीच शैक्षिक एवं सांस्कृतिक सहयोग आने वाले समय में दोनों देशों की मैत्री को और अधिक सुदृढ़ करेगा।”
Read Also : बच्चन परिवार को गैंगस्टर की खुली धमकी, सुरक्षा व्यवस्था को लेकर बढ़ी चिंता


