नई दिल्ली। भारत और ब्रिटेन के बीच बहुप्रतीक्षित मुक्त व्यापार समझौता (India-UK CETA) 15 जुलाई 2026 से लागू होने जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इसे दोनों देशों के रिश्तों के लिए “ऐतिहासिक उपलब्धि” बताया है।
किन उत्पादों को मिलेगा फ़ायदा
समझौते के तहत ब्रिटेन भारत के लगभग 99 प्रतिशत उत्पादों को ज़ीरो ड्यूटी पर बाज़ार में प्रवेश देगा। प्रोसेस्ड फ़ूड पर 70% तक, मरीन उत्पादों पर 21.5% तक, इंजीनियरिंग व ऑटो पार्ट्स पर 18% तक, चमड़ा-फुटवियर पर 16% तक, टेक्सटाइल पर 12% तक और केमिकल-फ़ार्मा पर 8% तक के शुल्क घटकर शून्य हो जाएंगे।
व्हिस्की होगी सस्ती
समझौते का एक बड़ा असर स्कॉच व्हिस्की पर पड़ेगा, जिस पर आयात शुल्क 150% से घटकर 40% रह जाएगा। इससे भारतीय बाज़ार में आयातित व्हिस्की कुछ सस्ती हो सकती है।
सामाजिक सुरक्षा समझौता भी लागू
इसी दिन से सामाजिक सुरक्षा समझौता (Double Contribution Convention) भी प्रभावी होगा, जिसके तहत छूट की अवधि तीन साल से बढ़ाकर पाँच साल कर दी गई है। कारोबारियों को नई शर्तों के तहत तैयारी का समय दिया गया है।

