नई दिल्ली। विमान ईंधन यानी एविएशन टर्बाइन फ्यूल (एटीएफ) पर मूल्य वर्धित कर (वैट) घटाने के तमिलनाडु सरकार के फैसले का केंद्र की मोदी सरकार ने स्वागत किया है। केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू ने मुख्यमंत्री सी.जोसेफ विजय के नेतृत्व वाली राज्य सरकार के कदम की सराहना कर कहा कि इस कदम से विमानन क्षेत्र को राहत मिल सकती है और हवाई यात्रा को अधिक किफायती बनाने में मदद मिलेगी।
एटीएफ टैक्स कटौती पर मोदी सरकार खुश
दरअसल तमिलनाडु सरकार की ओर से एटीएफ पर वैट में कटौती की अधिसूचना जारी होने के बाद केंद्रीय मंत्री नायडू ने सोशल मीडिया पर अधिसूचना को साझा किया। उन्होंने कहा कि विमान ईंधन पर कर कम करना विमानन क्षेत्र के लिए स्वागतयोग्य कदम है। उन्होंने केंद्र और राज्यों के बीच सहयोग की जरूरत पर जोर देकर कहा कि हवाई यात्रा को सस्ता बनाने के प्रयासों में यात्रियों के हितों को प्राथमिकता दें।
वैट कटौती से विमानन कंपनियों को राहत की उम्मीद
थलापति सरकार के फैसले के तहत चेन्नई में एटीएफ पर वैट 29 से घटाकर 16 प्रतिशत कर दिया है। वहीं, राज्य के अन्य हवाई अड्डों पर इस घटाकर एक प्रतिशत करने का प्रावधान किया है। विमान ईंधन की कीमतें एयरलाइंस की परिचालन लागत का महत्वपूर्ण हिस्सा होती हैं। इसके बाद कर में कटौती से विमानन कंपनियों को कुछ राहत मिलने की उम्मीद है। हालांकि, इसका असर हवाई टिकटों की कीमतों पर कितना पड़ेगा, यह कंपनियों के खर्च और बाजार की परिस्थितियों पर निर्भर करेगा।
पश्चिम एशिया में तनाव से विमानन क्षेत्र की मुश्किलें बढ़ीं
यह फैसला तब सामने आया है, जब वैश्विक विमानन क्षेत्र ईंधन की बढ़ती कीमतों और भू-राजनीतिक तनाव के कारण दबाव का सामना कर रहा है। पश्चिम एशिया में जारी तनाव से तेल बाजार और अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के संचालन पर असर पड़ने की आशंका बनी हुई है। कई मार्गों पर हवाई क्षेत्र संबंधी प्रतिबंधों और उड़ानों के मार्ग बदलने से भी विमानन कंपनियों की लागत बढ़ सकती है।

