राइजिंग स्टार एशिया कप के लिए इंडिया-A टीम घोषित, तिलक वर्मा को कप्तानी; वैभव सूर्यवंशी भी टीम में शामिल

Rashtrabaan News Desk
Highlights
  • 19 नवंबर से दोहा में शुरू होगा टूर्नामेंट, 20 नवंबर को नेपाल से होगा भारत का पहला मुकाबला; रजत पाटीदार बने उपकप्तान
  • कतर में दिखेगा भारतीय युवा खिलाड़ियों का दम

    नई दिल्ली, राष्ट्रबाण। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने 2 नवंबर को राइजिंग स्टार एशिया कप के लिए 15 सदस्यीय इंडिया-A टीम की घोषणा कर दी है। टीम की कप्तानी तिलक वर्मा को सौंपी गई है, जबकि रजत पाटीदार उपकप्तान की जिम्मेदारी संभालेंगे। टीम में युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी के साथ अभिषेक शर्मा और रिंकू सिंह जैसे खिलाड़ियों को भी जगह मिली है। टूर्नामेंट का आयोजन 19 से 29 नवंबर तक कतर की राजधानी दोहा में किया जाएगा।

    20 नवंबर को नेपाल से पहला मुकाबला

    भारतीय टीम अपने अभियान की शुरुआत 20 नवंबर को नेपाल के खिलाफ करेगी। इसके बाद 22 नवंबर को पाकिस्तान-A और 24 नवंबर को UAE की टीम से मुकाबला होगा। इस बार टूर्नामेंट 50 ओवर के प्रारूप में खेला जाएगा, जबकि पिछले संस्करण का आयोजन टी-20 प्रारूप में हुआ था। राइजिंग स्टार एशिया कप एशियन क्रिकेट काउंसिल (ACC) का टूर्नामेंट है। इसे पहले इमर्जिंग टीम एशिया कप के नाम से जाना जाता था। इसका उद्देश्य एशियाई देशों के उभरते खिलाड़ियों को बड़े स्तर पर खेलने का अनुभव देना है। इसमें भारत, पाकिस्तान, श्रीलंका, बांग्लादेश और अफगानिस्तान सहित कई देशों की A टीमें हिस्सा लेती हैं।

    वैभव सूर्यवंशी पर रहेंगी नजरें

    टीम में शामिल युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी के प्रदर्शन पर क्रिकेट प्रेमियों की विशेष नजर रहेगी। वे पहले भी इंडिया-A की ओर से खेल चुके हैं। श्रीलंका में आयोजित 2026 की वनडे ट्राई-नेशन A सीरीज में उन्होंने पांच मैचों में 211 रन बनाए थे। इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 200.95 रहा। वैभव ने कम उम्र में ही क्रिकेट की दुनिया में अपनी अलग पहचान बनाई है। राजस्थान रॉयल्स ने उन्हें 2025 में IPL खेलने का मौका दिया था। गुजरात टाइटंस के खिलाफ 38 गेंदों में शतक लगाकर उन्होंने IPL में सबसे कम उम्र में शतक बनाने का रिकॉर्ड बनाया। IPL 2026 में उन्होंने 16 मैचों में 776 रन बनाए और 72 छक्के लगाए। इस प्रदर्शन के लिए उन्हें ऑरेंज कैप मिली। इसके अलावा अंडर-19 वर्ल्ड कप के फाइनल में उन्होंने 80 गेंदों पर 175 रन की शानदार पारी खेली थी। राइजिंग स्टार एशिया कप के पिछले संस्करण में भी उनका प्रदर्शन शानदार रहा था। उन्होंने इंडिया-A के लिए चार मैचों में 239 रन बनाए थे। उनका औसत 59.75 और स्ट्राइक रेट 243.87 रहा था। उन्होंने एक शतक और 22 छक्के लगाए थे।

    अनुभव के आधार पर तिलक वर्मा को कप्तानी

    तिलक वर्मा को कप्तानी सौंपने के पीछे उनका अंतरराष्ट्रीय और घरेलू क्रिकेट का अनुभव अहम माना जा रहा है। वे IPL में मुंबई इंडियंस की ओर से खेलते हैं और लगातार अच्छा प्रदर्शन करते रहे हैं। इसके अलावा वे हैदराबाद की रणजी टीम की कप्तानी भी कर चुके हैं। वर्ष 2024 में उनकी कप्तानी में हैदराबाद ने रणजी ट्रॉफी का प्लेट डिवीजन खिताब जीता था। 2025 एशिया कप के फाइनल में उन्होंने नाबाद 69 रन बनाकर भारत की जीत में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी।

    रजत पाटीदार को मिली उपकप्तानी की जिम्मेदारी

    मध्य प्रदेश के बल्लेबाज रजत पाटीदार को टीम का उपकप्तान बनाया गया है। वे IPL में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की कप्तानी करते हैं और घरेलू क्रिकेट में मध्य प्रदेश तथा सेंट्रल जोन की अगुवाई भी कर चुके हैं। उनके अनुभव से टीम को मजबूती मिलने की उम्मीद है। राइजिंग स्टार एशिया कप में भारत की युवा और अनुभवी खिलाड़ियों से सजी टीम खिताब जीतने के इरादे से मैदान में उतरेगी। टूर्नामेंट में भारत और पाकिस्तान-A के बीच होने वाले मुकाबले पर भी क्रिकेट प्रेमियों की खास नजर रहेगी।

    error: Content is protected !!