रायपुर। छत्तीसगढ़ में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए अच्छी खबर है। राज्य की बिजली कंपनियों में बड़े पैमाने पर भर्ती की प्रक्रिया शुरू हो गई है। छत्तीसगढ़ स्टेट पावर कंपनीज की तीनों कंपनियों में कुल 38 संवर्गों के 1,501 रिक्त पदों पर भर्ती के लिए विस्तृत विज्ञापन जारी किया गया है। इच्छुक अभ्यर्थी निर्धारित समय सीमा के भीतर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के निर्देश पर यह भर्ती अभियान शुरू किया गया है। इसके तहत द्वितीय श्रेणी के 195 पदों के अलावा तृतीय और चतुर्थ श्रेणी के 1,306 पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी। भर्ती में सबसे ज्यादा पद कनिष्ठ अभियंता (जूनियर इंजीनियर) और डाटा एंट्री ऑपरेटर के लिए रखे गए हैं।
कनिष्ठ अभियंता (इलेक्ट्रिकल) के कुल 167 पदों पर भर्ती होगी। इनमें पावर जनरेशन कंपनी के 11, ट्रांसमिशन कंपनी के 32 और डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी के 124 पद शामिल हैं। इसी तरह डाटा एंट्री ऑपरेटर के 609 पद निर्धारित किए गए हैं। इनमें जनरेशन कंपनी के 95, ट्रांसमिशन कंपनी के 64 और डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी के 450 पद शामिल हैं।
6 नवंबर से शुरू हुए ऑनलाइन आवेदन
यह भर्ती छत्तीसगढ़ स्टेट पावर जनरेशन कंपनी, ट्रांसमिशन कंपनी और डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी के लिए की जा रही है। भर्ती को लेकर प्रारंभिक विज्ञापन 7 अगस्त 2026 को जारी किया गया था, जबकि 14 सितंबर 2026 को इसमें संशोधन किया गया। अब विस्तृत भर्ती विज्ञापन जारी होने के साथ ही आवेदन प्रक्रिया भी शुरू हो गई है।
इच्छुक उम्मीदवार 6 नवंबर 2026 को शाम 8 बजे से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन करने की अंतिम तारीख 26 नवंबर 2026 रात 11:55 बजे निर्धारित की गई है। अभ्यर्थियों को इसी समय सीमा के भीतर आवेदन शुल्क भी जमा करना होगा। शुल्क का भुगतान नेट बैंकिंग, क्रेडिट कार्ड, डेबिट कार्ड और यूपीआई के माध्यम से किया जा सकेगा।
केवल छत्तीसगढ़ के मूल निवासी कर सकेंगे आवेदन
भर्ती विज्ञापन के अनुसार, तृतीय और चतुर्थ श्रेणी के पदों के लिए केवल छत्तीसगढ़ के मूल निवासी अभ्यर्थी ही आवेदन करने के पात्र होंगे। अलग-अलग पदों के लिए शैक्षणिक योग्यता, आयु सीमा और अन्य जरूरी पात्रता की शर्तें भी निर्धारित की गई हैं। उम्मीदवारों को आवेदन करने से पहले संबंधित भर्ती विज्ञापन में दी गई सभी जानकारियों को ध्यान से पढ़ने की सलाह दी गई है।
आवेदन के दौरान बतानी होगी कंपनियों की प्राथमिकता
तीनों बिजली कंपनियों के साझा पदों के लिए आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों को फॉर्म भरते समय कंपनियों की प्राथमिकता का क्रम भी दर्ज करना होगा। अंतिम चयन अभ्यर्थियों की मेरिट, उनके द्वारा दी गई प्राथमिकता और संबंधित कंपनी में उपलब्ध रिक्त पदों के आधार पर किया जाएगा। इसी के अनुसार चयनित उम्मीदवारों को कंपनी आवंटित की जाएगी।



