वंदे भारत स्लीपर में सफर के बदले नियम, न तत्काल टिकट मिलेगा और न वेटिंग वालों को मिलेगी एंट्री

Rashtrabaan News Desk
Highlights
  • केवल कन्फर्म टिकट वालों को मिलेगी यात्रा की अनुमति, आरएएसी और वेटिंग टिकट पर ट्रेन में चढ़ना प्रतिबंधित
  • टिकट कैंसिल कराने पर 25 से 100 प्रतिशत तक कटेगा किराया, यात्रियों को बुकिंग से पहले नियम जानना जरूरी

नई दिल्ली, राष्ट्रबाण। भारतीय रेलवे की प्रीमियम और आधुनिक वंदे भारत स्लीपर एक्सप्रेस में सफर करने की योजना बना रहे यात्रियों के लिए जरूरी खबर है। रेलवे ने इन ट्रेनों में टिकट बुकिंग और यात्रा से जुड़े नियमों को लेकर सख्त व्यवस्था लागू की है। नए नियमों के अनुसार, वंदे भारत स्लीपर में तत्काल टिकट बुकिंग की सुविधा नहीं मिलेगी। इसके अलावा आरएएसी और वेटिंग लिस्ट वाले टिकट पर भी यात्रा की अनुमति नहीं होगी। यानी इस ट्रेन में केवल कन्फर्म टिकट वाले यात्री ही सफर कर सकेंगे।

रेलवे की नई व्यवस्था के तहत वंदे भारत स्लीपर में टिकटों की बुकिंग केवल एडवांस रिजर्वेशन पीरियड (एआरपी) के अंतर्गत ही की जा सकेगी। जिन यात्रियों के पास आरएएसी या वेटिंग टिकट होगा, उन्हें ट्रेन में चढ़ने की अनुमति नहीं दी जाएगी। रेलवे के नियमों के मुताबिक, यदि एक ही टिकट पर एक से अधिक यात्रियों के नाम दर्ज हैं और उनमें से किसी एक का टिकट कन्फर्म है, जबकि दूसरे का टिकट वेटिंग में है, तो ऐसे टिकट पर भी यात्रा नहीं की जा सकेगी। सभी यात्रियों का टिकट पूरी तरह कन्फर्म होना जरूरी होगा।

देश में इन रूटों पर चल रही हैं वंदे भारत स्लीपर ट्रेनें

फिलहाल देश में वंदे भारत स्लीपर की तीन जोड़ी ट्रेनें संचालित की जा रही हैं। इनमें हावड़ा-कामाख्या-हावड़ा रूट पर ट्रेन संख्या 27575/27576, वाराणसी-नई दिल्ली-वाराणसी रूट पर 27421/27422 और एसएमवीटी बेंगलुरु-सीएसएमटी मुंबई रूट पर 27651/27652 शामिल हैं। इन रूटों पर यात्रा करने वाले यात्रियों को टिकट बुकिंग से पहले रेलवे के नए नियमों की जानकारी रखना जरूरी है।

टिकट रद्द कराने पर लगेगा कैंसिलेशन चार्ज

वंदे भारत स्लीपर में टिकट कैंसिल कराने पर भी यात्रियों को निर्धारित शुल्क देना होगा। रेलवे की रिफंड पॉलिसी के अनुसार, यदि कोई यात्री ट्रेन के निर्धारित प्रस्थान समय से 72 घंटे से अधिक पहले अपना कन्फर्म टिकट रद्द कराता है, तो कुल किराये का 25 प्रतिशत काटकर शेष राशि वापस की जाएगी। वहीं, 72 घंटे से कम लेकिन 8 घंटे से अधिक समय के बीच टिकट रद्द कराने पर कुल किराये का 50 प्रतिशत काटा जाएगा। इसके अलावा, यदि ट्रेन के प्रस्थान में 8 घंटे से भी कम समय बचा है, तो टिकट रद्द कराने पर कोई रिफंड नहीं मिलेगा। ऐसे में यात्रियों को टिकट बुकिंग के साथ-साथ कैंसिलेशन की शर्तों का भी विशेष ध्यान रखना होगा। रेलवे की इस व्यवस्था का उद्देश्य वंदे भारत स्लीपर में केवल कन्फर्म आरक्षण के आधार पर यात्रा सुनिश्चित करना और यात्रियों को पहले से अपनी यात्रा की योजना बनाने के लिए प्रोत्साहित करना है। इसलिए इस ट्रेन में सफर करने से पहले टिकट की स्थिति और रिफंड से जुड़े नियमों को समझना जरूरी है।

error: Content is protected !!