नई दिल्ली, राष्ट्रबाण। कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी का बहुप्रतीक्षित संस्मरण ‘बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ लव’ मंगलवार को देशभर में जारी कर दिया गया। प्रकाशक हार्परकॉलिन्स के अनुसार, यह किताब सुबह 10 बजे से पाठकों के लिए उपलब्ध हो गई। किताब के रिलीज होने से पहले ही देशभर के पुस्तक प्रेमियों और राजनीतिक हलकों में इसे लेकर उत्सुकता देखी जा रही थी।
प्रकाशक ने पहले ही बढ़ा दी थी उत्सुकता
प्रकाशक हार्परकॉलिन्स ने सोमवार को सोशल मीडिया पर पोस्ट साझा करते हुए लिखा था कि अब केवल एक दिन बाकी है। देशभर में उत्साह का माहौल है और पुस्तक विक्रेता सोनिया गांधी के बहुप्रतीक्षित संस्मरण के स्वागत की तैयारी कर रहे हैं। ‘बिलॉन्गिंग’ को एक ऐसी महिला की कहानी के रूप में पेश किया गया है, जिसे एक पुरुष और एक देश से प्यार हो जाता है। यह संस्मरण उनके जीवन के बदलाव, व्यक्तिगत अनुभवों और भारत के प्रति उनके जुड़ाव को सामने लाता है। इसमें उस सफर का भी जिक्र है, जिसके दौरान उन्होंने भारत को अपना घर माना और देश की सेवा के लिए खुद को समर्पित किया।
देशभर के प्रमुख बुकस्टोर्स पर उपलब्ध हुई किताब
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, सोनिया गांधी का यह संस्मरण देश के कई प्रमुख पुस्तक विक्रेताओं के यहां उपलब्ध कराया गया है। इनमें चेन्नई का हिगिनबोथम्स, दिल्ली के बह्रीसन्स और मिडलैंड, मुंबई के द व्हाइट क्रो और टाइटल वेव्स, केरल का मातृभूमि बुक्स, जबकि कर्नाटक के ब्लॉसम्स और द बुकवर्म जैसे बुकस्टोर शामिल हैं। इसके अलावा महाराष्ट्र, कर्नाटक, दिल्ली-एनसीआर, तेलंगाना, तमिलनाडु, पश्चिम बंगाल, गुजरात और केरल में मौजूद क्रॉसवर्ड के आउटलेट्स पर भी यह किताब उपलब्ध कराई गई है।
सोनिया बोलीं- अपनी कहानी खुद बताना जरूरी लगा
किताब लिखने के फैसले को लेकर सोनिया गांधी ने शनिवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक बयान साझा किया था। इसमें उन्होंने बताया कि पहले उन्होंने और पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी ने यह तय किया था कि उनके बारे में लिखी जाने वाली बातों पर वे कोई प्रतिक्रिया नहीं देंगे। सोनिया गांधी ने कहा कि उन्हें और राजीव गांधी को बहुत पहले ही समझ आ गया था कि उनके बारे में जो कुछ लिखा जा रहा है, उस पर ध्यान देने या जवाब देने का कोई विशेष अर्थ नहीं है। हालांकि, समय के साथ उन्हें महसूस हुआ कि एक ऐसा दौर आया जब उन्हें अपनी कहानी खुद बतानी चाहिए। इसी सोच के साथ उन्होंने अपना संस्मरण लिखने का फैसला किया।
राहुल गांधी ने मां के सफर को किया सलाम
सोनिया गांधी की किताब के विमोचन पर लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और उनके बेटे राहुल गांधी ने भी अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अपनी मां के सार्वजनिक जीवन के छह दशकों के सफर को याद करते हुए लिखा, “सार्वजनिक जीवन में साठ साल और आज भी आप वैसी ही हैं। आप पर गर्व है, मां।”
ईमानदारी और संवेदना को बताया जीवन का आधार
राहुल गांधी ने सोनिया गांधी की बातचीत का एक अंश भी साझा किया। इसमें सोनिया गांधी ने उन मूल्यों के बारे में बताया, जिन्होंने दशकों तक उनके जीवन और सार्वजनिक सेवा को दिशा दी। उन्होंने कहा कि बचपन में सीखे गए मूल्य आज भी उनके साथ हैं। परिवार और दोस्तों के प्रति वफादारी, ईमानदारी, दूसरों के लिए संवेदना और अपने कर्तव्यों व जिम्मेदारियों को निभाना उनके जीवन के महत्वपूर्ण सिद्धांत रहे हैं।
राजीव गांधी से जुड़ी यादें भी कीं साझा
सोनिया गांधी के अनुसार, उन्होंने हमेशा इन मूल्यों पर खरा उतरने की कोशिश की है। उन्होंने कहा कि इन मामलों में वह आज भी वही इंसान हैं, जिससे राजीव गांधी करीब 60 साल पहले मिले थे। उनका यह संस्मरण व्यक्तिगत जीवन के अनुभवों के साथ-साथ उनके लंबे सार्वजनिक जीवन और भारत से उनके भावनात्मक जुड़ाव को समझने का एक अवसर प्रदान करता है।



