नई दिल्ली, राष्ट्रबाण। दिल्ली-एनसीआर में दिवाली का त्योहार बीतने के बाद भी पटाखे फोड़ने का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। कई इलाकों में देर रात और सुबह-सुबह तक आतिशबाजी की आवाजें सुनाई दे रही हैं। इससे एक ओर वायु प्रदूषण की समस्या बढ़ रही है, वहीं दूसरी ओर लोगों को तेज शोर के कारण परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। दिल्ली पुलिस ने स्पष्ट किया है कि पटाखे जलाने के लिए सुप्रीम कोर्ट की ओर से दी गई सीमित समय की अनुमति अब समाप्त हो चुकी है। ऐसे में राजधानी में पटाखे जलाने पर प्रतिबंध लागू है।
केवल दो दिन के लिए मिली थी छूट
सुप्रीम कोर्ट ने दिल्ली-एनसीआर में 7 और 8 नवंबर को सुबह 6 से 7 बजे तथा रात 8 से 10 बजे तक केवल प्रमाणित ग्रीन पटाखे जलाने की अनुमति दी थी। यह छूट सीमित अवधि के लिए दी गई थी। इसके अलावा अस्पतालों, नर्सिंग होम, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों, वृद्धाश्रमों और साइलेंस जोन के 300 मीटर के दायरे में पटाखे जलाने पर प्रतिबंध था। निर्धारित समय समाप्त होने के बाद अब आतिशबाजी की अनुमति नहीं है।
रात 10 बजे से सुबह 6 बजे तक पटाखों पर रोक
सामान्य नियमों के अनुसार रात 10 बजे से सुबह 6 बजे तक पटाखे फोड़ने की अनुमति नहीं होती है। सुप्रीम कोर्ट ने भी स्पष्ट किया है कि त्योहार के नाम पर तय नियमों की अनदेखी नहीं की जा सकती। इसके बावजूद कई जगहों पर देर रात तक पटाखे फोड़े जा रहे हैं। इससे बुजुर्गों, छोटे बच्चों, गर्भवती महिलाओं और बीमार लोगों को विशेष परेशानी हो सकती है। सुबह जल्दी काम पर जाने वाले लोगों की नींद भी प्रभावित हो रही है।
पटाखे फोड़ने पर यहां करें शिकायत
यदि आपके आसपास रात 10 बजे के बाद तेज आवाज वाले पटाखे फोड़े जा रहे हैं, तो इसकी शिकायत पुलिस से की जा सकती है। इसके लिए आपातकालीन हेल्पलाइन नंबर 112 पर कॉल कर सकते हैं। कॉल के दौरान आतिशबाजी की जानकारी और संबंधित स्थान का पूरा पता बताएं। इसके अलावा नजदीकी पुलिस स्टेशन में फोन करके या वहां जाकर लिखित शिकायत भी दर्ज कराई जा सकती है।
पहचान गोपनीय रखने का कर सकते हैं अनुरोध
कुछ शहरों में जिला प्रशासन और प्रदूषण नियंत्रण से जुड़ी एजेंसियां भी शिकायत के लिए हेल्पलाइन या कंट्रोल रूम संचालित करती हैं। यदि पड़ोसियों से विवाद होने की आशंका है, तो शिकायत करते समय पुलिस से अपनी पहचान गोपनीय रखने का अनुरोध किया जा सकता है। नियमों का पालन करना और दूसरों की सुविधा का ध्यान रखना सभी नागरिकों की जिम्मेदारी है।



