रेल यात्रियों के लिए बड़ा अपडेट, रात 11 से सुबह 5 बजे तक बंद रहेंगे मोबाइल चार्जिंग पॉइंट

Chhattisgarh Rashtrabaan

बिलासपुर। रेल यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने ट्रेनों में मोबाइल और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के चार्जिंग पॉइंट को लेकर महत्वपूर्ण व्यवस्था लागू की है। इसके तहत अब ट्रेनों के कोच में रात 11 बजे से सुबह 5 बजे तक चार्जिंग पॉइंट की बिजली आपूर्ति बंद रहेगी। यह व्यवस्था 12 नवंबर 2026 से लागू कर दी गई है।

रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि वे निर्धारित समय का ध्यान रखें और रात 11 बजे से सुबह 5 बजे के बीच मोबाइल फोन या अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण चार्जिंग पर न लगाएं। रेलवे के मुताबिक, रात के समय कई यात्री अपने मोबाइल और अन्य उपकरण चार्जिंग पर लगाकर सो जाते हैं। ऐसे में ओवरहीटिंग, शॉर्ट सर्किट और आग लगने जैसी घटनाओं का खतरा बना रहता है।

आगजनी की घटनाओं को रोकने के लिए कदम

रेलवे का यह निर्णय यात्रियों की सुरक्षा और विद्युत उपकरणों को सुरक्षित रखने के उद्देश्य से लिया गया है। रात के समय चार्जिंग पॉइंट का इस्तेमाल बंद रहने से संभावित विद्युत दुर्घटनाओं को रोकने में मदद मिलेगी। साथ ही कोच में आग लगने जैसी अप्रिय घटनाओं की आशंका भी कम होगी।

रेलवे ने यात्रियों से मांगा सहयोग

दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने यात्रियों से नई व्यवस्था का पालन करने की अपील की है। रेलवे ने कहा है कि यात्रा के दौरान इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों का इस्तेमाल सावधानी से करें और सुरक्षा संबंधी दिशा-निर्देशों का पालन करें। इस व्यवस्था को सफल बनाने के लिए यात्रियों का सहयोग जरूरी है।

error: Content is protected !!