छत्तीसगढ़ में स्पेशल एजुकेटर के 38 पदों पर भर्ती, आज से आवेदन शुरू, 4 दिसंबर तक मिलेगा मौका

Chhattisgarh Rashtrabaan

रायपुर। छत्तीसगढ़ में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के लिए अच्छी खबर है। लोक शिक्षण संचालनालय ने स्पेशल एजुकेटर के 38 पदों पर सीधी भर्ती के लिए विज्ञापन जारी किया है। इन पदों के लिए आवेदन प्रक्रिया 20 नवंबर 2026 से शुरू हो गई है। इच्छुक और पात्र अभ्यर्थी 4 दिसंबर 2026 की शाम 5 बजे तक आवेदन कर सकते हैं।

विभाग के अनुसार भर्ती का विस्तृत विज्ञापन और आवेदन का निर्धारित प्रारूप विभागीय वेबसाइट eduportal.cg.nic.in पर उपलब्ध है। अभ्यर्थियों को आवेदन पत्र निर्धारित प्रारूप में व्यक्तिगत रूप से या पंजीकृत डाक के माध्यम से जमा करना होगा।

आवेदन कार्यालय संभागीय संयुक्त संचालक, शिक्षा संभाग बस्तर, बिलासपुर, दुर्ग, रायपुर और सरगुजा में जमा किए जा सकते हैं। आवेदन कार्यालयीन दिवसों में सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक स्वीकार किए जाएंगे। अन्य कार्यालयों में जमा किए गए आवेदन मान्य नहीं होंगे।

एक आवेदन से सभी संभागों के लिए मौका

लोक शिक्षण संचालनालय ने स्पष्ट किया है कि अभ्यर्थियों को अलग-अलग जिलों या संभागों के लिए अलग आवेदन करने की जरूरत नहीं है। एक ही आवेदन सभी संभागों में विज्ञापित रिक्त पदों के लिए मान्य होगा। अंतिम तिथि के बाद प्राप्त आवेदनों पर विचार नहीं किया जाएगा।

भर्ती की शैक्षणिक योग्यता, अन्य पात्रता शर्तों, मेरिट सूची और चयन प्रक्रिया से जुड़ी जानकारी विभागीय वेबसाइट पर जारी की जाएगी। अभ्यर्थियों को नियमित रूप से वेबसाइट चेक करने की सलाह दी गई है।

error: Content is protected !!